महाराष्ट्र के हिंगोली में 4.5 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप सुबह के 7:14 बजे आया।
सिक्किम: एसडीएफ के एकमात्र विधायक सत्तारूढ़ एसकेएम में शामिल हुए
सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के एकमात्र विधायक तेनजिंग नोरबू लाम्था बुधवार को सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) में शामिल हो गए। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर पोस्ट कर कहा, ‘मुझे आज अपने सरकारी आवास पर 23-स्यारी विधानसभा सीट के विधायक तेनजिंग नोरबू लाम्था से मिलकर बेहद खुशी हुई। वे आधिकारिक तौर पर हमारे एसकेएम परिवार में शामिल हो गए हैं।’
तमांग ने माना कि लाम्था ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के हितों से जुड़ी चिंताएं जाहिर की थीं। उन्होंने कहा कि एक व्यापक विकास योजना के हिस्से के रूप में अब इस निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं को हल किया जाएगा।हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में लाम्था, एसडीएफ के एकमात्र ऐसे नेता थे जिन्होंने जीत हासिल की। उन्होंने एसकेएम के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षा मंत्री कुंगा नीमा लेप्चा को 1,314 मतों के अंतर से हराया था। एसकेएम में शामिल होने के फैसले पर टिप्पणी के लिए वह उपलब्ध नहीं हो सके।
दो जून को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही उनके एसकेएम में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। जब उनसे भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा गया तो लाम्था ने कहा था, ‘मैं जनता से सलाह करने के बाद आगे कदम उठाऊंगा।’
एसकेएम ने विधानसभा चुनावों में 31 सीटें जीती थीं, जबकि विपक्षी एसडीएफ को सिर्फ़ एक सीट मिली थी। वर्तमान में, विधानसभा में 32 में से 30 सदस्य हैं, जिनमें से सभी एसकेएम के सदस्य हैं।
सोरेंग-चाकुंग विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री तमांग और नामची-सिंघीथांग सीट से उनकी पत्नी कृष्णा कुमारी राय के इस्तीफ़े के बाद दो सीटें खाली हैं। दो निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए तमांग ने रेनॉक सीट अपने पास रखी और सोरेंग-चाकुंग विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया।
असम में तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से हाथी की मौत
असम के मोरीगांव जिले में जागीरोड रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से हाथी की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एक अन्य हाथी के साथ तेंघेरिया में सिलचर जा रही कंचनजंगा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। दूसरा हाथी पटरियों को पार करने में कामयाब रहा।
रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने रेल की पटरियों से हाथी के शव हटाया और ट्रेन सेवाएं बहाल कीं। उन्होंने बताया कि ट्रेन सेवाओं में कोई व्यवधान या देरी नहीं हुई और पशु चिकित्सक पोस्टमार्टम के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। कर्नाटक के बाद असम में हाथियों की दूसरी सबसे बड़ी आबादी है।
ऑनलाइन गेमिंग और जुए के खिलाफ दक्षिण मुंबई में मंत्रालय के पास प्रदर्शन कर रहे निर्दलीय विधायक बच्चू कडू के कुछ समर्थकों को बुधवार को हिरासत में लिया गया।
प्रहार जनशक्ति पक्ष के प्रमुख कडू और उनके समर्थक सुबह राज्य सचिवालय भवन में महात्मा गांधी के पास एकत्र हुए। वे ऑनलाइन गेमिंग और मोबाइल ऐप के जरिए जुए पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए तख्तियां और बैनर लेकर आए थे। महाराष्ट्र के अमरावती जिले की अचलपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक ने जैसे ही अपना प्रदर्शन शुरू किया, पुलिस मौके पर पहुंच गई और उनसे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पास आजाद मैदान में प्रदर्शन करने का आग्रह किया। अधिकारी ने बताया कि विधायक इसके बाद विधान भवन चले गए, क्योंकि मानसून सत्र चल रहा था। हालांकि, उनके समर्थक प्रदर्शन करते रहे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया और मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन ले जाया गया।