आंध्र प्रदेश के आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि राज्य में नई सूचना प्रौद्योगिकी नीति लागू की जाएगी। नारा लोकेश ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह बात कही। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द एक ब्यौरा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इस तरह से जल्द ही एक नई निवेशकों के अनुकूल आईटी नीति लाई जाएगी। उन्होंने विशाखापत्तनम को आईटी हब बनाने और तिरुपति को इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आंध्र प्रदेश में प्रमुख आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों को आमंत्रित किया जाए।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को भद्रक के जिला प्रशासन से बबुली बारिक को तत्काल स्वास्थ्य सहायता प्रदान करने का आदेश दिया। बता दें कि बबुली बारिक एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। आधिकारिक बयान के अनुसार, सीएम माझी ने संबंधित अधिकारियों से उनके परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 30 हजार रुपये देने के लिए कहा। बता दें कि 14 वर्षीय बबुली ट्रॉमैटिक न्यूरो मोटर डिसऑर्डर से जूझ रहा है। जिला प्रशासन को पीड़ित के परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाकर रखने के लिए कहा गया है।
असम के करीमगंज में नौ करोड़ रुपये मूल्य की याबा टैबलेट के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, करीमगंज पुलिस और बीएसएफ ने एक संयुक्त अभियान चलाकर नौ करोड़ मूल्य की 30,000 याबा टैबलेट्स जब्त की। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सीएम सरमा ने पुलिस और बीएसएफ की सराहना की। बता दें कि याबा मेथमफेटामाइन और कैफीन का एक संयोजन है।
सूरत एयरपोर्ट पर शनिवार को दुबई जा रहे एक यात्री की तलाशी के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों ने उसके टखने के पास कुछ संदिग्ध वस्तुएं देखीं। यात्री की पहचान संजयभाई मोरदिया के तौर पर की गई है। उसके पास से कच्चे, बिना पॉलिश किए हुए हीरे के तीन पैकेट बरामद किए गए, जो उसने अपने मोजे में खिपाकर रखा था। तलाशी लोने के बाद दो और पैकेट मिले। हीरे का वजन 1092 ग्राम था, जिसकी कीमत 2.19 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गोवा पुलिस ने स्लुइस गेट के पास एक नवजात शिशु के अंग बरामद किए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि अंगों को किसी जानवर द्वारा काटा गया है। पुलिस का कहना है कि उत्तरी गोवा के मंडूर-डोंगरी गांव में शिशु के शरीर के अंग मिले। स्थानीय लोगों द्वारा मिली सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया ऐसा संदेह है कि किसी ने नवजात के शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 318 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आईटीबीपी की माउंटेन रेस्क्यू टीम ने हाल ही में लाहौल और स्पीति में ऊंची पहाड़ी चट्टानों पर एक चुनौतीपूर्ण खोज अभियान चलाया। इस दौरान एक अमेरिकी नागरिक का शव बरामद किया। अमेरिकी नागरिक ने एक दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी थी। स्थानीय प्रशासन के अनुरोध पर, आईटीबीपी टीम के सदस्यों ने अपनी जान जोखिम में डाली और शवों को निकालने के लिए 14,800 फीट की ऊंचाई पर चढ़ गए। गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर आईटीबीपी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी जवानों पर देश को गर्व है।