फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: फडणवीस को धमकी देने के मामले में एक गिरफ्तार; पार्टी पद छोड़ना चाहते हैं टीएमसी नेता कुणाल घोष

Fri, 01 Mar 2024 03:09 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ जिले के पास पनवेल में गुरुवार को पकड़ा। आरोपी योगेश सावंत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यूट्यूब चैनल गवरान विश्लेषण में एक व्यक्ति के इंटरव्यू का वीडियो साझा किया था।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को जान से मारने की धमकी देने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान योगेश सावंत के तौर पर की गई है। पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ जिले के पास पनवेल में गुरुवार को पकड़ा। आरोपी योगेश सावंत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यूट्यूब चैनल गवरान विश्लेषण में एक व्यक्ति के इंटरव्यू का वीडियो साझा किया था। इंटरव्यू में व्यक्ति ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के साथ उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी।
विज्ञापन


कार्यकर्ता अक्षय पनवेलकर की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। योगेश सावंत की गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

पार्टी पद छोड़ना चाहते हैं टीएमसी नेता कुणाल घोष
वरिष्ठ टीएमसी नेता कुणाल घोष ने शुक्रवार को कहा कि वह पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देना चाहते हैं। उन्हों ने पार्टी में पुराने नेताओं के एक वर्ग पर भाजपा से मिलीभगत का आरोप लगाया। कुणाल पार्टी में अगली पीढ़ी के नेताओं को अधिक प्रमुखता दिए जाने की वकालत करते रहे हैं। टीएमसी प्रवक्ता और राज्य महासचिव का पद संभालने वाले घोष ने कहा कि उन्हें लगता है कि वह सिस्टम के भीतर फिट नहीं हैं, लेकिन उन्होंने किसी अन्य पार्टी में शामिल होने की अफवाहों को खारिज कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, मैं प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता पद पर नहीं रहना चाहता। मैं सिस्टम में मिसफिट हूं। मैं पार्टी का सिपाही हूं और पार्टी के लिए काम करता रहूंगा।
विज्ञापन

पति की हत्या करने के आरोप में पत्नी समेत दो गिरफ्तार

महाराष्ट्र में ठाणे के अंबरनाथ में अपने 48 वर्षीय पति की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी और एक हत्यारे को गिरफ्तार किया है। इस मामले में हत्यारे की मदद करने  वाले एक लड़के को भी पकड़ा गया है। 

पुलिस ने बताया कि हत्या 25 फरवरी को की गई थी। पीड़ित की पहचान रमेश झा के तौर पर की गई है। पिछले रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पीड़ित अपने दफ्तर की तरफ जा रहा था, तभी अंबरनाथ बदलापुर रोड पर एक भोजनालय के पास आरोपी ने उसे रोका। आरोपी ने उसे कई बार चाकू मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जांच के दौरान मालूम चला कि पीड़ित की पत्नी पिछले 10 वर्षों से दिल्ली में रह रही थी जहां वह किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध में थी। शादी के बाद भी वह उस व्यक्ति के साथ संबंध बनाए रखी। पति को जब इसके बारे में मालूम चला तो उसने इसका विरोध किया। महिला ने पति की हत्या के लिए सीरियल कीलर को काम पर लगाया। 

हत्या करने के बाद हत्यारे दिल्ली फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस दिल्ली पहुंची और हत्यारे को गिरफ्तार किया। महिला और लड़के को अंबरनाथ से ही गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच मार्च तक के लिए हिरासत में भेज दिया गया है। 

आईपीएस अधिकारी अनुराग अग्रवाल बने संसद सुरक्षा के प्रमुख

आईपीएस अधिकारी अनुराग अग्रवाल को संसद सुरक्षा का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वर्तमान में सीआरपीएफ में महानिरीक्षक को तीन साल के लिए संयुक्त सचिव (सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। वह असम-मेघालय कैडर के 1998-बैच के अधिकारी हैं।

पिछले साल 13 दिसंबर को दो लोगों द्वारा संसद भवन के दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूदने के बाद संसद भवन परिसर की सुरक्षा में व्यापक बदलाव किया जा रहा है। इस दौरान अनुराग अग्रवाल अपना नया कार्यभार संभालेंगे।  

उनकी नियुक्ति का आदेश गुरुवार को लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी किया गया है। यह पद पिछले साल 20 अक्तूबर से ही खाली था। यह पद पारंपरिक रूप से एक आईपीएस अधिकारी के पास होता है।

तमिलनाडुः डीआरआई ने जब्त किए 180 करोड़ के मादक पदार्थ
तमिलनाडु के मदुरै में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के पास से 30 किलोग्राम मेथामफेटामाइन नामक मादक पदार्थ जब्त किया है। चेन्नई के कोडुंगैयूर डंप यार्ड से भी छह किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने इसकी कीमत लगभग 180 करोड़ रुपये बताई है। उन्होंने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने मदुरै रेलवे स्टेशन पर पोथिगई सुपरफास्ट एक्सप्रेस के अनारक्षित डिब्बे में यात्रा कर रहे चेन्नई के एक यात्री व उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है।

बीआरएस का एक और सांसद भाजपा में शामिल 
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की पार्टी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को लोकसभा चुनाव से पहले एक और झटका लगा है। बीआरएस सांसद बीबी पाटिल शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। दो बार सांसद रह चुके पाटिल ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, तरुण चुघ और के. लक्ष्मण की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। बता दें, इससे एक दिन पहले गुरुवार को बीआरएस सांसद पोथुगंती रामुलु ने भाजपा का दामन थामा था। उनके बेटे भरत प्रसाद और कुछ अन्य बीआरएस नेता भी भाजपा में शामिल हुए थे। 

महाराष्ट्र में 175 करोड़ की धोखाधड़ी, बिक्री कर अधिकारी और 16 व्यापारियों पर केस दर्ज
महाराष्ट्र सरकार को 175.93 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बिक्री कर अधिकारी और 16 अन्य पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि घोटाला अगस्त 2021 और मार्च 2022 के बीच मझगांव में राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की इमारत में हुआ। उस समय जीएसटी भवन में बिक्री कर अधिकारी के रूप में तैनात अमित गिरिधर लालगे (42) ने 16 व्यापारियों के साथ साजिश रची, जिन्होंने जाली और नकली किराया समझौते बनाकर जीएसटी नंबर प्राप्त किए। इन व्यापारियों ने जीएसटी के रूप में राज्य सरकार को किसी भी प्रकार का कर नहीं दिया, लेकिन कर रिटर्न के रूप में 175.93 करोड़ रुपये प्राप्त करने के लिए 39 आवेदन प्रस्तुत किए। जीएसटी पोर्टल की ओर से संदिग्ध दिखाए जाने के बाद लालगे ने जानबूझकर इन दावों को सत्यापित नहीं किया। 

समीर वानखेड़े को 27 मार्च तक मिली गिरफ्तारी से राहत
बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मुंबई के पूर्व जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े को 27 मार्च तक गिरफ्तारी से राहत बढ़ा दी। ईडी की ईसीआईआर को चुनौती देने वाली समीर वानखेड़े की याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगने के बाद अदालत ने मामला स्थगित कर दिया। ईसीआईआर ईडी की ओर से दर्ज की गई शिकायत की एक औपचारिक प्रविष्टि है। वानखेड़े ने ईसीआईआर को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है और अपने खिलाफ मामले को रद्द करने की मांग की है। इसके अलावा बॉम्बे हाईकोर्ट ने वानखेड़े के खिलाफ सीबीआई के साथ मामले की सुनवाई उसी तारीख को सूचीबद्ध की है। अदालत को बताया गया कि सॉलिसिटर जनरल उस तारीख पर दोनों मामलों में खुद पेश होंगे। 
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव: केंद्रीय बलों की 100 कंपनी पश्चिम बंगाल पहुंची
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कम से कम 100 कंपनी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल पहुंची। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि 50 और कंपनी राज्य में सात मार्च तक पहुंचने की संभावना है। अधिकारी ने बताया, केंद्रीय बलों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बल मुख्य रूप से विश्वास बहाली के उद्देश्य के लिए यहां पहुंचे हैं। एक कंपनी में औसतन 100 जवान होते हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें