फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गुवाहाटी में 84 लाख की ड्रग्स जब्त; भाजपा नेताओं ने संदेशखाली में पुलिस थाने के सामने किया प्रदर्शन

Sun, 12 May 2024 11:15 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

पीड़ितों ने पांच मई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चार मई को सेकेंड-हैंड कार का निरीक्षण करने के बहाने उनका अपहरण किया गया था। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें एक सुनसान स्थान पर रखा गया था, जहां उन्हें लाठियों से पीटा भी गया।
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुवाहाटी में रविवार को 84 लाख रुपये की ड्रग्स जब्त की गई है। पुलिस ने साथ ही चार लोगों को गिरफ्तार किया है। खानापारा में गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने अभियान चलाया। आरोपियों के पास से 77 शीशियां बरामद हुई, जिसमें 105 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा, उनके पास से दो मोबाइल और 7220 रुपये नकद जब्त किए गए।  
विज्ञापन


भाजपा नेताओं का पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने रविवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में संदेशखाली पुलिस थाने के समक्ष प्रदर्शन किया और डकैती के झूठे मामले में गिरफ्तार एक पार्टी कार्यकर्ता की रिहाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के स्थानीय नेताओं की छवि खराब करने के लिए वीडियो जारी किये जाने का भी विरोध किया।

पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन में मौजूद भाजपा की बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र की उम्मीदवार रेखा पात्रा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कथित गुंडों की गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी के स्थानीय नेताओं की छवि खराब करने के लिए प्रसारित किए जा रहे कई वीडियो को लेकर पुलिस सक्रियता नहीं दिखा रही है।
विज्ञापन

कर्नाटक में कार डीलरों का अपहरण
कर्नाटक के कलबुर्गी में तीन कार डीलरों का अपहरण कर उनके निजी अंगों पर करंट के झटका दिए गए। कार डीलरों को परेशान करने वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले की कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान इमरान पटेल, मोहम्मद मथीन उर्फ स्टील मथीन, मोहम्मद जिया उल हुसैन, मोहम्मद अफजल शेख, हुसैन शेख, रमेश और सागर के तौर पर की गई है। 

पुलिस ने बताया कि आरोपी एक बड़े गिरोह का हिस्सा है। उनके अन्य साथियों की तलाश अभी जारी है। पीड़ितों ने पांच मई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चार मई को सेकेंड-हैंड कार का निरीक्षण करने के बहाने उनका अपहरण किया गया था। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें एक सुनसान स्थान पर रखा गया था, जहां उन्हें लाठियों से पीटा भी गया। उन्होंने कहा कि अपहरणकर्ता उनसे अतिरिक्त पैसे की मांग कर रहे थे।

महाराष्ट्र में निषेधाज्ञा का उल्लंघन मामले में 36 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे में अपनी रिहाई का जश्न मनाने के लिए जुलूस निकालने के आरोप में एक व्यक्ति समेत 36 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति को मकोका के तहत एक मामले में बरी किया गया था।

महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामले की सुनवाई कर रही एक विशेष अदालत ने सात मई को व्यक्ति को बरी किया था। आठ मई को जब वह जेल से बाहर आया, तो उसके समर्थकों ने भिवंडी इलाके के नवी वस्ती के पास जुलूस निकालकर जश्न मनाया। इस जुलूस में शामिल लोगों ने क्षेत्र में लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया। एक पुलिसकर्मी के शिकायत के आधार पर उस व्यक्ति और 35 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र में पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति के खिलाफ केस दर्ज

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में 37 वर्षीय एक पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि 31 वर्षीय महिला की शादी 30 नवंबर 2014 को खारघर इलाके के निवासी और सीआईएसएफ में सब-इंस्पेक्टर (आरोपी) से हुई थी। आरोपी अपनी पत्नी से मारपीट करता था और उसके माता-पिता से पैसे मांगता था। 

महिला ने एक बार पति की सलाह पर शेयरों में पैसा निवेश किया, लेकिन इसमें उसे नुकसान का सामना करना पड़ा। इसके लिए आरोपी ने महिला को ही दोषी ठहराया। आरोपी यह बी चाहता खा कि पत्नी के नाम पर जो जमीन है, वह उसके नाम पर हो जाए। तीन मई को पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तुरंत दुर्घटना में मौत का केस दर्ज कर मामले की जांच करने लगी। शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।  

एयर इंडिया एक्सप्रेस के क्रू से शख्स ने की अभद्रता
दुबई और मंगलूरू के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में चालक दल के सदस्य के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में केरल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। व्यक्ति ने विमान से कूदने की भी धमकी दी थी। एयर इंडिया एक्सप्रेस के सुरक्षा समन्वयक सिद्धार्थ दास ने यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद विमान के मंगलूरू में उतरने के बाद एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों ने यात्री को पकड़ लिया। हालांकि, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। यात्री की पहचान मोहम्मद बीसी के तौर पर की गई है।

महाराष्ट्र के पेंच टाइगर रिजर्व में पहली बार दिखी तेंदुआ बिल्ली: अधिकारी
महाराष्ट्र के पेंच टाइगर रिजर्व में पहली बार एक तेंदुआ बिल्ली देखी गई। उप निदेशक प्रभु नाथ शुक्ला ने एक विज्ञप्ति में कहा कि रिजर्व में प्रजातियों की उपस्थिति कैमरा ट्रैपिंग के माध्यम से पाई गई। उन्होंने दावा किया कि यह मध्य भारत में इस तरह का पहला दृश्य है। शुक्ला ने बताया कि एक कैमरे ने नागपुर जिले के पेंच में नाराहर गांव के पास ग्रिड-असर वाली बिल्ली को कैद किया। गौरतलब है कि तेंदुआ बिल्ली का वैज्ञानिक नाम प्रियोनेलुरस बेंगालेंसिस है। यह फेलिडे परिवार से संबंधित है। वह तेंदुए जैसे रंग के लिए प्रसिद्ध है। 

पिछले 15 वर्षों में देश में वन संरक्षण, प्रबंधन में प्रगति 
संयुक्त राष्ट्र फोरम ऑन फॉरेस्ट (यूएनएफएफ) को भारत ने बताया कि हमने वन संरक्षण और प्रबंधन में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इसी वजह से पिछले 15 वर्षों में हमारे वन क्षेत्र में लगातार वृद्धि हुई है। भारत छह से 10 मई के बीच संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित यूएनएफएफ के 19वें सत्र में भाग लिया। वैश्विक स्तर पर भारत 2010 और 2020 के बीच औसत वार्षिक वन क्षेत्र में शुद्ध लाभ के मामले में तीसरे स्थान पर है।

सत्र में भारत ने बताया कि हम जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण को उच्च प्राथमिकता देते हैं। इसके अलावा, पर्यावरण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 'प्रोजेक्ट टाइगर' के 50 साल और 'प्रोजेक्ट एलीफेंट' के 30 साल पूरे होने पर हाल ही में समारोह आयोजित किया था। यह प्रजातियों के संरक्षण और आवास संरक्षण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

केरल में बेटे पर तेजाब फेंकने का आरोपी गिरफ्तार
केरल के कासरगोड जिले में एक व्यक्ति को अपने बेटे पर दुर्घटनावश तेजाब फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति ने अपनी अलग रह रही पत्नी पर तेजाब फेंकने का प्रयास किया था, लेकिन वह भागने में सफल रही और तेजाब उसके बेटे पर जा गिरा, जिसमें वह झुलस गया। उन्होंने बताया कि यह घटना नौ मई को यहां चित्तरिक्कालिल पुलिस स्टेशन सीमा के अंतर्गत हुई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी सुरेंद्रनाथ (50) घटना के तुरंत बाद फरार हो गया और उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "व्यक्ति और उसकी पत्नी के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। उसने महिला पर एसिड फेंकने की कोशिश की। वह किसी तरह भागने में सफल रही लेकिन एसिड बेटे पर गिर गई।" पुलिस ने बताया कि एसिड से जलने की वजह से उसके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलफ भारतीय दंड विधान की धारा 326 ए (तेजाब आदि के इस्तेमाल से जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

मशरूम खाने के बाद बीमार पड़े असम के आठ पुलिसकर्मी
असम के धेमाजी जिले में रविवार को मशरूम खाने के बाद कम से कम आठ पुलिसकर्मी बीमार पड़ गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि 22वीं बटालियन के जवान अरुणाचल प्रदेश से लगी अंतरराज्यीय सीमा पर गोगामुख के पास पनबाड़ी में तैनात थे। उन्होंने कहा, “आठ जवानों ने रविवार को दोपहर के भोजन में मशरूम खाया। भोजन करने के लगभग 30 मिनट बाद, वे बीमार पड़ गए और उन्हें उल्टी दस्त हुए, जिसके बाद उन्हें गोगामुख के एक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया।”

अधिकारी ने बताया कि उनका इलाज कर रहे चिकित्सक ने कहा कि यह दूषित भोजन खाने से बीमार पड़ने का मामला है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए धेमाजी सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, "फिलहाल उनका धेमाजी में इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।”

 

संदेशखाली में भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस पर टीएमसी नेता सुकुमार महतो ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के बारे में बात करने के लिए हम एक बैठक करने में सक्षम हुए। बीजेपी ने जिस तरह से उनके खिलाफ साजिश रची, महिलाएं उसका विरोध कर रही हैं। आज दिलीप मल्लिक पर कैसे हमला हुआ। यह अस्वीकार्य है। महतो ने आगे कहा कि हम जीतेंगे और इसलिए बीजेपी इसे पचा नहीं पा रही है। हमने कहा है कि अगर संदेशखाली के लोग गलत हैं, अगर संदेशखाली की महिलाओं ने दिलीप मल्लिक को मारा, तो हम उन्हें समझाएंगे। उन्होंने साजिश रची और ये सब किया। उन्होंने लोगों से कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए और दुष्कर्म की कहानी लिखी। 

रक्षा खुफिया एजेंसी के प्रमुख ने तंजानिया की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की
रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि रक्षा खुफिया एजेंसी (डीआईए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डीएस राणा दोनों देशों के बीच "मजबूत" रक्षा संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से तंजानिया की आधिकारिक यात्रा पर गए हैं। लेफ्टिनेंट जनरल राणा अपनी यात्रा के दौरान दार-ए-सलाम में भारतीय उच्चायोग में नव स्थापित रक्षा विंग का उद्घाटन भी करेंगे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 13-15 मई तक होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य "दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा संबंधों को प्रगाढ़ बनाना और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग के अवसरों पर चर्चा करना" है। बयान में कहा गया है कि डीआईए प्रमुख का तंजानिया के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है, जिसमें तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्स(टीपीडीएफ) के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल जैकब जॉन मकुंडा और डिफेंस इंटेलिजेंस के प्रमुख मेजर जनरल एमएन मकेरेमी शामिल हैं।




 

मुंबई पुलिस ने राजस्थान में 107 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन जब्त की
मुंबई पुलिस ने रविवार को राजस्थान के जोधपुर में मादक पदार्थ बनाने वाली एक इकाई का भंडाफोड़ किया और 107 करोड़ रुपये मूल्य की मेफेड्रोन जब्त की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, उन्होंने पिछले साल दिसंबर में मुंबई में तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की सिंथेटिक उत्तेजक ‘मेफेड्रोन’ के साथ दो लोगों को पकड़ा था। उन्होंने कहा कि बाद की जांच से पता चला कि दोनों को जोधपुर में दवा निर्माण इकाई चलाने वाले एक व्यक्ति से यह प्रतिबंधित मादक पदार्थ मिला था।

पुलिस ने जोधपुर में उस व्यक्ति के स्वामित्व वाले परिसर पर छापा मारा और पाया कि वह वहां मादक पदार्थों का उत्पादन किया जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री से 107 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन के अलावा उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल भी जब्त किया गया। अधिकारी ने कहा कि कच्चा माल एक गोदाम में छुपाया गया था। उन्होंने कहा कि सभी तीन व्यक्तियों पर कड़े स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
 

अभिनेता अनूप सोनी भी हुए डीपफेक के शिकार
चर्चित टीवी शो क्राइम पेट्रोल के पूर्व होस्ट व अभिनेता अनूप सोनी भी डीपफेक का शिकार हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह आईपीएल के मैचों में सट्टेबाजी के लिए एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने की अपील कर रहे हैं। अनूप ने रविवार को खुद इसकी जानकारी दी और कहा, यह वीडियो फर्जी है। हम सभी को सतर्क रहना होगा।

अहमदाबाद हवाईअड्डे को भी  बम से उड़ाने की मिली धमकी
अहमदाबाद हवाईअड्डे को रविवार को बम की धमकी वाला एक ईमेल मिला। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने दोपहर में पूरे हवाईअड्डे की सघन तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद सूचना को अफवाह घोषित कर दिया गया। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था। 

डीआईए प्रमुख तंजानिया की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना
रक्षा खुफिया एजेंसी (डीआईए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डीएस राणा तीन दिवसीय यात्रा के लिए तंजानिया रवाना हो गए। अपनी यात्रा के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल राणा दार-एस-सलाम में नव स्थापित रक्षा विंग का भी उद्घाटन करेंगे। मंत्रालय के मुताबिक, 13-15 मई तक होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करना है। डीआईए प्रमुख का तंजानिया के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है। 

एयर इंडिया एक्सप्रेस: काम पर लौटे कर्मियों को सॉफ्टवेयर बता रहा बीमार
एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाएं धीरे-धीरे बहाल होने लगी हैं। बीमारी की सूचना देने वाले केबिन क्रू के सभी सदस्य शनिवार से काम पर लौट आए हैं। हालांकि, कंपनी के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण अब भी कर्मचारियों के बीमार होने की सूचना है। एअर इंडिया एक्सप्रेस कर्मचारी संघ ने यह जानकारी दी। रविवार को उड़ान भरने वाली उड़ानें तीन दिन पहले रद्द कर दी गई थीं। दोबारा उड़ान भरने के लिए जिन यात्रियों की बुकिंग हो चुकी है, उन्हें फिर से कन्फर्म करना होगा ताकि फ्लाइट का संचालन फिर से शुरू हो सके।
विज्ञापन

वरिष्ठ पत्रकार जॉर्ज मथाई नहीं रहे 77 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
वरिष्ठ पत्रकार पी जॉर्ज मथाई का निधन हो गया है। उनके परिवार ने बताया कि 77 वर्षीय मथाई ने केरल के कोट्टायम में रविवार को अंतिम सांस ली। उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा है। मथाई विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ काम किए थे। द इकोनॉमिक टाइम्स के वह रेजिडेंट एडिटर रह चुके थे। उन्होंने बिजनेस स्टैंडर्ड और इंडिया टुडे के साथ भी काम किया था। वह द टेलीग्राफ के डिप्टी एडिटर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें