सिक्किम के रानीपूल में शनिवार को एक मेले में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने भीड़ को रौंद दिया। इससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। वहीं, देशभर में साइबर अपराध बढ़ता जा रहा है। आए दिन लोगों से ठगी होने के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र के नवी मुंबई शहर से आया है। यहां शेयर ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर एक 45 साल के शख्स के साथ 17 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर, पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने नवी मुंबई से दो बांग्लादेशी नागरिकों को कथित तौर पर अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
तीन लोगों की मौत
सिक्किम के रानीपूल में एक तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने भीड़ को रौंद दिया। इससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यहां से करीब 11 किलोमीटर दूर रानीपूल के मेला मैदान में शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे तंबोला खेल के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। हादसे का प्राथमिक कारण टैंकर का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। हालांकि, टैंकर के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को सेंट्रल रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया और एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि घायलों में से पांच की हालत गंभीर है।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि रानीपूल में हुई दुर्घटना से उन्हें गहरा दुख हुआ है। इसके अलावा, सीएम ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
45 वर्षीय एक व्यक्ति को शेयर ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर 17 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में साइबर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नेरुल क्षेत्र में रहने वाले पीड़ित को व्यापार में उच्च रिटर्न का वादा किया गया था।
साइबर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित व्यक्ति ने पांच दिसंबर, 2023 से 28 जनवरी, 2024 तक फर्जी शेयर ट्रेडिंग योजना में 17.30 लाख रुपये का निवेश किया। जब पीड़ित को रिटर्न और निवेश की गई राशि नहीं मिली, तो उसने पुलिस को शिकायत दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नवी मुंबई में अवैध रूप से रहने के आरोप में दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई शहर से दो बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में कथित तौर पर अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों की उम्र 24 साल है और उन्हें पनवेल के नदवे में खिदुकपाड़ा गांव से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। एटीएस की एक टीम ने खिदुकपाड़ा इलाके के निरीक्षण के दौरान पाया कि एक चॉल में दो लोग अवैध रूप से रह रहे हैं। अधिकारियों ने जब दोनों से पूछताछ की तो वे देश में प्रवेश के लिए कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए।
पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के पास से आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए। उनके खिलाफ शनिवार को पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियम-1950 और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने उनकी गतिविधियों और अवैध आव्रजन नेटवर्क से किसी संभावित संबंध का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
ओडिशा के प्रसिद्ध साहित्यकार सतकादी होता का निधन
प्रख्यात साहित्यकार सतकादी होता का रविवार को वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। ओडिशा साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष होता 95 वर्ष के थे। उड़िया साहित्य में उनके योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित साहित्य भारती सम्मान और सरला पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किए जाने की घोषणा की। पटनायक ने कहा, होता ने ओडिशा में एक साहित्यकार के रूप में उच्च प्रतिष्ठा अर्जित की थी। एक कुशल कहानीकार, कवि और अनुवादक के रूप में उन्होंने उड़िया साहित्य पर एक अमिट छाप छोड़ी है। इसके अलावा, वह एक सक्षम प्रशासक और प्रतिष्ठित संपादक थे होता एक सेवानिवृत्त आईआरटीएस अधिकारी थे, वे खुर्दा रोड के पूर्व मंडल रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) रहे थे। वह उड़िया अखबार 'द समय' के संपादक भी थे।
कारोबारी को 28.5 लाख का नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज
महाराष्ट्र के नवी मुंबई टाउनशिप में दो लोगों के खिलाफ हल्के डीजल तेल की आपूर्ति में एक व्यापारी को 28.53 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। 31 साल के कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दी कि तलोजा इलाके में उनकी केमिकल कंपनी है। वहां उत्पादन नहीं होने के दौरान कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी और एक वेंडर ने बिना अनुमति के कंपनी के लिए हल्का डीजल तेल खरीदने की कथित तौर पर योजना बनाई।
तलोजा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि तेल को बेच दिया गया, जिससे आरोपी को खासा वित्तीय लाभ हुआ और नासिक निवासी पीड़िता के व्यापार को 28,53,076 रुपये का नुकसान हुआ। व्यवसायी ने दावा किया कि कथित अपराध मार्च 2022 और सितंबर 2023 के बीच हुआ था। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर कंपनी के पूर्व कर्मचारी और विक्रेता के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया।
न्यायमूर्ति एस वैद्यनाथन ने मेघालय HC के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली
न्यायमूर्ति एस वैद्यनाथन ने रविवार को मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल फागू चौहान ने यहां राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में न्यायमूर्ति वैद्यनाथन को पद की शपथ दिलाई। वह मुख्य न्यायाधीश संजीव बनर्जी का स्थान लेंगे जो पिछले साल नवंबर में सेवानिवृत्त हुए थे। न्यायमूर्ति वैद्यनाथन ने अक्टूबर 2013 से मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्य किया।
भारतीय औद्योगिक इंजीनियरिंग संस्थान के पूर्व अध्यक्ष और निदेशक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
नवी मुंबई में भारतीय औद्योगिक इंजीनियरिंग संस्थान के पूर्व अध्यक्ष और निदेशक डॉ. भास्कर भंडारकर के खिलाफ 1.5 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का मामला दर्ज किया गया। उनके ऊपर 2008 से 2018 के बीच अपने कार्यकाल के दौरान पैसों की हेराफेरी करने का आरोप लगा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि संस्थान के एक कर्मचारी की शिकायत पर उनके खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी, चोरी और अन्य अपराधों से संबंधित मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे कहा, डॉ. भंडारकर पर संस्थान के फ्लैट के नवीनीकरण के लिए मनगढ़ंत बिल जमा करने और 1.54 करोड़ रुपये का दुरुपयोग करने का आरोप है। उनके ऊपर संस्थान के लैपटॉप चोरी करने का भी आरोप है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
सीएम शिंदे ने की 'कन्यादान योजना' के तहत सहायता को बढ़ाकर 25,000 रुपये करने की बात
महाराष्ट्र सरकार की कन्यादान योजना के तहत वित्तीय सहायता 10,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसकी जानकारी दी है। इस योजना के तहत महिलाओं को विवाह के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
पालघर में एक शनिवार को एक सभा में सीएम शिंदे ने बताया कि इस संबंध में एक सरकारी प्रस्ताव जल्द ही जारी किया जाएगा। उन्होंने आदिवासी समुदायों से संबंधित मुद्दों को भी संबोधित किया।
झगड़े के बाद पति ने पत्नी पर फेंका तेजाब
नवी मु्बई में एक व्यक्ति पर झगड़े के बाद अपनी पत्नी पर तेजाब फेंकने के आरोप में मामा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 326(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी की पहचान रमजान सिद्दीकी गाजी के तौर पर की गई है। उसने 20 जनवरी को अपनी पत्नी के साथ झगड़े के बाद कथित तौर पर उसपर तेजाब फेंक दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के चेहरे पर चोट लगी है और उसका पश्चिम बंगाल में उसके गृहनगर में इलाज चल रहा है। महिला ने पश्चिम बंगाल में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
'एक बार फिर से मोदी सरकार' अभियान के तहत दीवार लेखन में भाग लिए सर्बानंद सोनोवाल
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुवाहाटी में 'एक बार फिर से मोदी सरकार' अभियान के तहत दीवार लेखन में भाग लिया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'पिछले 10 वर्षों में सभी को एकजूट करने के लिए कड़ी मेहनत की है। आज लोग खुश हैं। विश्वास है कि भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी।'
असम के कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा और केशव महंत एक बार फिर सर्वसम्मति से असम गण परिषद (एजीपी) के क्रमशः अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष चुने गए हैं। एजीपी, भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में भागीदार है। पार्टी की केंद्रीय समिति ने एक बैठक में रविवार को इसकी घोषणा की। इस मौके पर बोरा ने क्षेत्रीय पार्टी को नया रूप देने की जरूरत पर बल देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही, पार्टी का आधार बढ़ाने के लिए आगामी लोकसभा और उसके बाद होने वाले पंचायत चुनावों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, सोशल मीडिया में महंत ने कहा कि सभी के आशीर्वाद और सहयोग से हम पार्टी को नई आकांक्षाओं और वादों के साथ आगे ले जाने का प्रयास करेंगे।
12 से 14 फरवरी तक गुजरात, राजस्थान का दौरा करेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 से 14 फरवरी तक गुजरात और राजस्थान का दौरा करेंगी। रविवार को राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में इसकी जानकारी दी गई। राष्ट्रपति सोमवार को गुजरात के टंकारा में महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती के अवसर पर 200वें जन्मोत्सव-ज्ञान ज्योति पर्व स्मरणोत्सव समारोह की शोभा बढ़ाएंगी। उसी दिन वह सूरत में सरदार वल्लभभाई राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के 20वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। 13 फरवरी को राष्ट्रपति श्रीमद राजचंद्र मिशन, धरमपुर, वलसाड का जाएंगी। मुर्मू धरमपुर में गुजरात के कमजोर आदिवासी समूहों (पीवीटीजी) के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगी।
14 फरवरी को राष्ट्रपति राजस्थान के बेणेश्वर धाम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आदिवासी महिलाओं की एक सभा को संबोधित करेंगी।
असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने पूर्वी मिजोरम के चम्फाई में दो अलग-अलग अभियानों में लगभग 1.75 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। प्रतिबंधित पदार्थ रखने के आरोप में म्यांमार के एक नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा: प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम (पारिस्थितिकी तंत्र) नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्रीय मंत्री ने आईआईटी भुवनेश्वर के अनुसंधान और उद्यमिता पार्क में 100-क्यूब स्टार्ट-अप पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा, इस पहल का लक्ष्य 2036 में ओडिशा की 100वीं वर्षगांठ तक 100 स्टार्ट-अप तैयार करना है, जिनमें से प्रत्येक का मूल्यांकन 100 करोड़ रुपये होगा। उन्होंने कहा, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना पीएम मोदी का सपना है। इसे पूरा करने के लिए, नई पीढ़ी को नौकरी निर्माता बनना होगा। 2014 में, स्टार्ट-अप की संख्या 350 थी। प्रधान ने कहा, जबकि आज यह 1 लाख 20 हजार तक पहुंच गया है।