महाराष्ट्र में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता संजय राउत ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पांच दिन हो गए हैं, कहीं बारिश तो कही ओले पड़ रहे हैं। महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी नुकसान हुआ है। महाराष्ट्र की स्थिति गंभीर है।
उन्होंने कहा कि जब आसमान से संकट गिर रहा है तो हमारे सीएम और डिप्टी सीएम प्रचार में व्यस्त हो गए। कोई छत्तीसगढ़ गया है, कोई तेलंगाना गया है जैसे कि वे नहीं जाएंगे तो वहां चुनाव नहीं होगा।
विखरोली पुलिस ने बताया कि पूर्व मेयर और शिवसेना (यूबीटी) नेता दत्ता दलवी की कार में तोड़फोड़ करने के आरोप में चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
चीन में लगातार निमोनिया के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में भारत में भी सावधानियां बरती जा रही है। मलप्पुरम में केरल के सीएम ने बताया कि चीन के कुछ प्रांतों में निमोनिया के ज्यादा मामले सामने आए हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने राज्यव्यापी निगरानी को मजबूत किया है। राज्य मेडिकल बोर्ड, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञ डॉक्टर वर्तमान स्थिति का विश्लेषण कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले तीन महीनों में श्वसन संबंधी मुद्दों से संबंधित मामलों में कोई असामान्य वृद्धि दर्ज नहीं की गई है। हालांकि फिर भी सतर्क रहने की जरूरत है। हम जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और विशेष अस्पतालों में सांस की बीमारियों के मामलों पर नजर बनाए हुए हैं।
उग्रवादी संगठन नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड (के) के आंग माई धड़े ने अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले से एक ग्राम प्रमुख और ग्राम प्रधान (गांव बूरा) को अगवा कर लिया। लोंगडिंग के पुलिस उपाधीक्षक बांगहांग तांगजांग ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े आठ बजे कम से कम 15 उग्रवादी चॉप गांव में आए और दो लोगों ग्राम प्रधान चोपखू गंगसा तथा गांव प्रमुख छिगसान वांघम को अगवा करके पड़ोसी देश म्यांमार की ओर ले गए।
तांगजांग ने बताया कि इन लोगों ने 50,000 रुपये की रंगदारी नहीं दी थी और इस कारण उग्रवादियों ने इन लोगों का अपहरण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और असम राइफल्स ने अपहृत व्यक्तियों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है।
इस महीने जिले में उग्रवादियों द्वारा अपहरण की यह दूसरी घटना है। एनएससीएन-केवाईए के उग्रवादियों ने 16 नवंबर को एक निजी निर्माण कंपनी के दो कर्मचारियों को अगवा किया था। इन दोनों को 28 नवंबर को मुक्त करा लिया गया था।