प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम को अचानक नए संसद भवन के निर्माण का जायजा लेने पहुंच गए। आज पीएमओ ने सिलिसेलवार ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पीएम मोदी ने यहां काम कर रहे कर्मचारियों को खास तौर पर सराहा।
पीएमओ ने बताया, रविवार 26 सितंबर की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए संसद भवन निर्माण स्थल पहुंचे और कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को समय से पूरा करने पर जोर दिया।
नए संसद भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए पीएम ने कर्मचारियों से बातचीत की और उनका हालचाल पूछा। उन्होंने कहा कि वे (कर्मचारी) एक पवित्र और ऐतिहासिक कार्य में लगे हुए हैं।
पीएम मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि नए संसद भवन की साइट पर काम करने वालों को पूरी तरह से टीका लगाया जाए और उनके स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए मासिक स्वास्थ्य जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को इस ऐतिहासिक प्रयास में उनकी भूमिका और भागीदारी का प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संसद भवन का निर्माण पूरा होने के बाद साइट पर लगे सभी निर्माण श्रमिकों के लिए एक डिजिटल आर्काइव स्थापित किया जाना चाहिए, जिसमें उनके नाम, स्थान और उनके प्रयासों के प्रति यादगार के रूप में उनके व्यक्तिगत विवरण को दर्शाया जाना चाहिए।