वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने चचेरे भाई और मनसे प्रमुख राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि शिवसेना को अपना हिंदुत्व साबित करने के लिए झंडा बदलने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि राज ठाकरे आजकल अपनी हिंदुत्व की राजनीति में नई जान फूंकने के प्रयास में जुटे हैं। उद्धव ने यह भी कहा कि भाजपा हिंदुत्व की ‘झंडाबरदार’ नहीं है। मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर पार्टी विधायकों और जिलाध्यक्षों की बैठक में उक्त बात कही।
शिवसेना के एक पदाधिकारी के अनुसार बैठक में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के संबंध में एक सवाल के जवाब में उद्धव ने कहा, ‘मुझे मेरे हिंदुत्व को साबित करने की जरुरत नहीं है, क्योंकि यह दिवंगत बालासाहेब का हिंदुत्व है। यह शुद्ध है। मैंने अपनी पार्टी का झंडा नहीं बदला है। एक व्यक्ति, एक झंडा... यह तय है। दुनिया को हमारे हिंदुत्व का ज्ञान है।’