भारतीय वायुसेना ने नीट परीक्षा में पूरे भारत में दूसरा स्थान हासिल करने वाली सार्जेंट राजेंद्र कुमार राव (सेवानिवृत्त) की बेटी आकांक्षा सिंह को बधाई दी है। वायुसेना ने रविवार को ट्वीट कर कहा, 'सुश्री आकांक्षा सिंह को बधाई। वायुसेना के दिग्गज सार्जेंट राजेंद्र कुमार राव (सेवानिवृत्त) की बेटी, जिन्होंने नीट 2020 में 100 प्रतिशक अंक हासिल किए हैं। वायुसेना उन्हें उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती है।'
बता दें कि आकांक्षा को परीक्षा में 720 में से 720 अंक मिले हैं जो भारत में राष्ट्रीय मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के इतिहास में पहली बार हुआ है। उन्होंने पूरे उत्तर प्रदेश में टॉप किया है। वे पूरे भारत में टॉप करने वालीं पहली लड़की हैं। वे उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के गांव अभिनायकपुर की रहने वाली हैं। वे पढ़ाई के लिए रोजाना 70 किलोमीटर की यात्रा तय करती थीं।
कौन हैं सार्जेंट राजेंद्र कुमार राव
राजेंद्र कुमार राव वायुसेना में सार्जेंट के तौर पर कार्यरत थे। वे वायुसेना से वीआरएस (स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति) ले चुके हैं। राव पिछले दो सालों से अपनी बेटी के साथ हैं और उसके डॉक्टर बनने के सपने में मदद करने को उसका साथ दे रहे हैं।