महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अब एजेंसी के उप महानिदेशक मुथा अशोक जैन ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। जैन ने यहां एनसीबी कार्यालय के बाहर संवाददाताओं से कहा कि उन्हें व्हाट्सएप पर एक पेपर मिला है और वे आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
वहीं अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की जमानत याचिका का बॉम्बे हाई कोर्ट में विरोध करने के बारे में पूछे जाने पर जैन ने कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं बोलेंगे। वहीं नवाब मलिक के आरोपों की जांच के लिए एनसीबी की एक टीम के दिल्ली से मुंबई आने के बारे में पूछे जाने पर जैन ने कहा कि उन्हें एजेंसी की टीम के यहां आने की भी सूचना मिली थी।
बता दें कि नवाब मलिक ने सोमवार को इस मामले में एनसीबी के महानिदेशक को पत्र भेजने की बात कही थी। मलिक ने कहा था कि एनसीबी को पत्र में 26 आरोपों की जांच करनी चाहिए, जिसमें दावा किया गया है कि एनसीबी के भीतर जबरन वसूली का रैकेट चलाया जा रहा है।
आरोपों की विजीलेंस जांच होगी
नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने क्रूज शिप से मादक पदार्थ बरामदगी मामले में आरोपी आर्यन खान को छोड़ने के लिए एनसीबी की मुंबई क्षेत्रीय इकाई के निदेशक समीर वानखेड़े और कुछ अधिकारियों द्वारा 25 करोड़ रुपये मांगने संबंधी एक गवाह के दावे पर सतर्कता (विजीलेंस) जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यालय में एनसीबी के उत्तरी क्षेत्र के उप महानिदेशक (डीडीजी) ज्ञानेश्वर सिंह यह जांच करेंगे। श्री सिंह, एजेंसी के सीवीओ भी हैं।
मैंने अभी इस मामले में किसी को कॉल नहीं किया: ज्ञानेश्वर सिंह
वहीं समीर वानखेड़े पर लगे आरोपों पर सवाल करने पर एनसीबी के उत्तरी क्षेत्र के उप महानिदेशक ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा कि मैंने इस मामले में आज किसी को फोन नहीं किया है। अगर मुझे उनसे सवाल करना होगा तो मैं उन्हें फोन करूंगा।