एनसीपी नेता नवाब मलिक के दामाद समीर खान से जुड़े कथित ड्रग मामले में बुधवार को व्यापारी करन सजनानी एनसीबी की एसआईटी के सामने पेश हुए। वह करीब 12 बजे एनसीबी ऑफिस पहुंचे। करण सजनानी को मंगलवार को एसआईटी ने समन भेजकर बुधवार को पेश होने का आदेश दिया था।
समीर खान मामले में एनसीबी की एसआईटी ने उप महानिदेशक संजय सिंह की अध्यक्षता में मामले की जांच शुरू की है। इसी के तहत सजनानी को पेश होने को कहा गया था। सजनानी को इसी साल जनवरी में गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि उनके पास से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया गया था। अधिकारियों ने बताया था कि उनके बांद्रा स्थित घर से 200 किलोग्राम ड्रग्स बरामद हुआ है। इसी मामले में समीर खान को भी गिरफ्तार किया गया था। उन्हें सितंबर में अदालत ने जमानत दी थी। किरण सजनानी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि समीर खान मेरा बिजनेस पार्टनर नहीं था। मैं उसे सिर्फ इसलिए जानता हूं क्योंकि, उसे भी मेरे साथ गिरफ्तार किया गया था।