गिरफ्तारी के बारे में सवाल किए जाने पर केंद्रीय मंत्री राणे ने कहा कि मुझे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि मेरे ख़िलाफ़ FIR दर्ज की गई है। मैंने कोई अपराध नहीं किया है। 15 अगस्त के बारे में कोई नहीं जानता तो क्या यह अपराध नहीं है? मैंने कहा था कि मैं थप्पड़ मार देता और यह अपराध नहीं है। उन्होंने मीडिया रिपोर्ट पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मीडिया को पहले वीडियो सत्यापित करके ही टीवी पर दिखाना चाहिए। अगर मीडिया ऐसा नहीं करता है, तो मैं उन पर केस करूंगा। मैं कोई आम आदमी नहीं हूं।
कमिश्नर ने दिए गिरफ्तारी के आदेश
मामले में नासिक पुलिस कमिश्नर दीपक पांडे ने बताया कि यह एक गंभीर मामला है। केंद्रीय मंत्री के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के लिए यहां से एक टीम भेजी गई है। वह जिस भी जगह पर होंगे, उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। हम कोर्ट के फैसले का पालन करेंगे।
वहीं, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई में राणे के घर पर भी धावा बोला है। यहां उनकी और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज भी करना पड़ा। मामले में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिवसेना सांसद विनायक राणे ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि राणे को कैबिनेट से बाहर कर दिया जाए। वहीं, एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा है कि कानून सबके लिए एक समान है। पुलिस अपना काम कर रही है।
शिवसेना कार्यकर्ताओं के हमले पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने नाराजगी जताई है। फडणवीस ने कहा है कि सभी पुलिस कमिश्नरों को अपने-अपने इलाकों में उन लोगों को गिरफ्तार करना चाहिए, जिन्होंने भाजपा के दफ्तरों पर हमला किया है। राज्य में कानून का राज होना चाहिए, ये कोई तालिबान नहीं है।