Hyundai i20 N Line Revealed : देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी ह्यूंदै ने भारतीय बाजार में मंगलवार को अपनी नई कार Hyundai i20 N Line (ह्यूंदै i20 एन लाइन) को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। कंपनी आने वाले समय में कई N लाइन मॉडल को उतारेगी, उनमें से यह पहला है। i20 N लाइन की कई खास हाइलाइट्स हैं जो इसे स्टैंडर्ड i20 से अलग करती हैं। ह्यूंदै को उम्मीद है कि कार आधिकारिक रूप से लॉन्च हो जाने के बाद, अपने स्पोर्टी ड्राइविंग एक्सपीरियंस की वजह से युवा ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहेगी।
Hyundai N Line (ह्यूंदै एन लाइन) मॉडल पिछले कुछ समय से कई वैश्विक बाजारों में उपलब्ध हैं लेकिन i20 N Line भारत में इस सीरीज का पहला उत्पाद होगा। बता दें कि N मॉडल स्टैंडर्ड ह्यूंदै वाहनों का हाई परफॉर्मेंस वर्जन हैं। एन लाइन के तहत आने वाले मॉडल को खास तौर पर, एक्सटीरियर और इंटीरियर केबिन दोनों में, ज्यादा आकर्षक लुक और डिजाइन दिया जाता है।
इतने में हो रही बुकिंग
Hyundai i20 N-Line
- फोटो : For Refernce Only
ह्यूंदै ने भारत में i20 N लाइन के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक कार को ऑनलाइन या ह्यूंदै डीलरशिप पर 25,000 रुपये की टोकन राशि के साथ बुक कर सकते हैं। कंपनी कार कीमतों का एलान सितंबर में कर सकती है, और इसके साथ ही कार की बिक्री शुरू हो जाएगी।
बता दें कि ह्यूंदै की परफॉर्मेंस ब्रांड दो कैटेगरी - N Line और N में आती है। जिसमें N Line स्टैंडर्ड मॉडल के लिए सिर्फ स्पोर्टी अपग्रेड मिलता है। इसमें विशेष रूप से कार के इंटीरियर और एक्सटीरियर अपडेट शामिल होते हैं। वहीं N रेंज में एयरो किट, अपग्रेडेड चेसिस, सस्पेंशन, ब्रेक और अन्य कंपोनेंट के साथ एक पावरफुल इंजन मिलता है जिससे यह एक हाई-परफॉर्मेंस मॉडल बन जाती है।
कैसा है नया लुक और डिजाइन
कार के एक्सटीरियर लुक की बात करें तो ह्यूंदै i20 एन लाइन को एक स्पोर्टियर डुअल-टोन फ्रंट बंपर मिलता है जिसमें गहरे सेट फॉग लैंप और स्पोर्टी रेड एक्सेंट हैं। इसके अलावा एक स्पोर्टियर दिखने वाला ग्रिल जिसमें 'चेकर्ड फ्लैग' से प्रेरित डिजाइन और एन लाइन लोगो और एक फ्रंट स्प्लिटर मिलता है।
कार के प्रोफाइल की बात करें तो i20 N लाइन में नए डिजाइन के 16-इंच के अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जो इसे दूसरी कारों से अलग बनाती है। इसमें लाल इंसर्ट के साथ साइड सिल गार्निश भी दिए गए हैं। यहां तक कि फ्रंट ब्रेक कैलिपर्स भी लाल रंग की फिनिश के साथ पेश किए गए हैं। कार के रियर में, i20 N लाइन में एक प्रमुख डिफ्यूजर और ट्विन-एग्जॉस्ट पाइप के साथ एक स्पोर्टियर बंपर, साइड विंग्स के साथ एक टेल गेट स्पॉइलर और दो टेल लैंप यूनिट्स को जोड़ने वाला एक डार्क क्रोम गार्निश मिलता है।
इंटीरियर और केबिन
कार का ओवरऑल डैशबोर्ड लेआउट स्टैंडर्ड कार के जैसा ही है। हालांकि, ऑल-ब्लैक इंटीरियर को रेड हाइलाइट्स और रेड एंबियंट लाइटिंग से सजाया गया है, जिससे इसका लुक और निखर जाता है। इसमें लेदर सीट्स के लिए N लोगो के साथ एक नया चेकर्ड फ्लैग डिजाइन, स्पोर्टी मेटल पैडल, एक बीस्पोक थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और N-ब्रांडेड लेदर गियर नॉब भी मिलता है।
कलर ऑप्शन
i20 N लाइन 4 मोनोटोन पेंट ऑप्शन में उपलब्ध है - थंडर ब्लू (नया रंग), फायरी रेड, टाइटन ग्रे और पोलर व्हाइट। इसके साथ यह दो डुअल-टोन पेंट ऑप्शन - फैंटम ब्लैक रूफ के साथ थंडर ब्लू और फैंटम ब्लैक रूफ के साथ फायरी रेड में आती है।
क्या फीचर्स दिए गए
फीचर्स की बात करें तो इसमें, i20 N लाइन में स्टैंडर्ड i20 मॉडल के सभी इक्यूपमेंट्स मिलते हैं। यह एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जिंग, क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, सिंगल-पैन सनरूफ, 7-स्पीकर बोस साउंड सिस्टम और बहुत से फीचर्स से लैस है। इसके अलावा i20 N Line में एक नया वॉयस रिकॉग्निशन फंक्शन भी मिलता है।
सेफ्टी फीचर्स
ह्यूंदै ने ब्लूलिंक एप को भी अपडेट किया है जिसमें 16 फ्री ओवर-द-एयर मैप अपडेट्स की सुविधा मिलती है। सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इस कार में 6 एयरबैग, टीपीएमएस, रियर-व्यू पार्किंग कैमरा, ऑटोमैटिक हेडलैंप, इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल (ESC), व्हीकल स्टैबिलिटी मैनेजमेंट (VSC), हिल असिस्ट कंट्रोल (HAC) और बहुत कुछ शामिल हैं।
इंजन और पावर
इंडिया-स्पेक i20 N लाइन को सिर्फ एक इंजन ऑप्शन 1.0-लीटर, तीन-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया गया है। यह इंजन 120 hp का पावर और 172 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड iMT गियरबॉक्स या 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स शामिल हैं। डीसीटी गियरबॉक्स अब पैडल शिफ्टर्स के साथ आता है। हालांकि, ह्यूंदै ने i20 के साथ टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ एक मैनुअल गियरबॉक्स नहीं दिया है।
कितनी होगी कीमत
इस कार को सितंबर में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है, जिसके साथ, i20 रेंज में i20 N लाइन नया टॉप-स्पेक मॉडल होगा। इस समय, Asta(O) टर्बो-डीसीटी वेरिएंट रेंज का टॉप मॉडल है जिसकी दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 11.40 लाख रुपये है। उम्मीद है कि N लाइन की कीमत इससे एक से 1.5 लाख रुपये ज्यादा होगी। इस कीमत के रेंज में, Hyundai i20 N Line का भारत में कोई सीधा प्रतिद्वंदी नहीं होगा।