मुंबई में भारी बारिश का अलर्ज जारी
- फोटो : पीटीआई
मुंबई में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने आज भी मुंबई में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही मुंबई में तेज बारिश हो रही है, जिसकी वजह से जनजीवन बुरी तरह त्रस्त है। कई इलाकों में जलभराव की समस्या हुई है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज मुंबई के तट पर समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में शनिवार तक बारिश जारी रह सकती है। वहीं महाराष्ट्र के कई इलाकों में 15 जुलाई तक बारिश का अनुमान जताया गया है।
हवाई सेवाएं प्रभावित
मुंबई में भारी बारिश के चलते धुंध छा गई है। इसकी वजह से मुंबई में हवाई सेवाएं भी बाधित हुई हैं। विभिन्न एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वह अपडेट फ्लाइट स्टेटस चेक करते रहें। इंडिगो ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'मुंबई में भारी बारिश और भारी एयर ट्रैफिक की वजह से हवाई सेवा प्रभावित हुई है। फ्लाइट स्टेटस को लगातार चेक करते रहें।' इसी तरह एयर इंडिया ने भी यात्रियों से अपील की है कि वह समय से पहले एयरपोर्ट के लिए निकल जाएं क्योंकि कई जगह जलभराव की समस्या के चलते और ट्रैफिक जाम से उन्हें परेशानी हो सकती है।
भारी बारिश के चलते अंधेरी और जोगेश्वरी रेलवे स्टेशन में पानी भर गया है। मुंबई में गुरुवार से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 93 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। पूर्वी मुंबई में 66 मिमी और पश्चिमी मुंबई में 78 मिमी बारिश हुई। बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि बसों के तीन रूट्स पर पानी भरने की वजह से मार्ग बदला गया है।
मुंबई के साथ पालघर, रायगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट
मुंबई में बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की समस्या हुई है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ी है। कई सड़कों पर पानी भर गया है। ट्रेन सेवाएं फिलहाल सामान्य रूप से चल रही हैं। बीते 24 घंटे में मुंबई में औसत 93 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज मुंबई के साथ ही पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में अगले 4-5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।