मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दरअसल मुंबई पुलिस ने बुधवार को परमबीर सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच के लिए सात सदस्यीय एसआईटी टीम गठित कर दी है और इसकी अध्यक्षता डीसीपी स्तर के अधिकारी करेंगे।
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले ने 25 जुलाई को एसआईटी गठित करने का आदेश दिया।
उन्होंने बताया कि एसआईटी में सात सदस्य होंगे और इसकी अगुवाई पुलिस उपायुक्त निमित गोयल करेंगे जो स्थानीय शस्त्र विभाग में तैनात हैं। गोयल निगरानी अधिकारी होंगे और देवनार के सहायक पुलिस आयुक्त एम एस मुजावर मामले में जांच अधिकारी होंगे।
अधिकारी ने बताया कि एसआईटी के अन्य सदस्य आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के इंस्पेक्टर परिणाम परब, वसूली रोधी शाखा (एईसी) के इंस्पेक्टर सचिन पुराणिक, आजाद मैदान पुलिस थाने के इंस्पेक्टर विनय घोरपडे, अपराध शाखा के सहायक पुलिस इंस्पेक्टर महेंद्र पाटिल तथा साइबर पुलिस थाने के एपीआई विशाल गायकवाड हैं।
मुंबई पुलिस प्रमुख ने अपने आदेश में एसीपी मुजावर को मरीन ड्राइव पुलिस थाने तथा एसीपी अपराध (डी-वेस्ट) से मामले में सभी संबंधित दस्तावेज लेने के निर्देश दिए।
मरीन ड्राइव पुलिस ने गत हफ्ते एक बिल्डर की शिकायत पर परमबीर सिंह, पांच अन्य पुलिस अधिकारियों और दो अन्य लोगों के खिलाफ वसूली, धोखाधड़ी तथा जालसाजी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी।