मानसून ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आज यानी बुधवार को अपनी दस्तक दे दी है। मानसून की पहली बारिश में ही मुंबई का बेहाल हो गया। सड़कों के जलमग्न होने से भारी ट्रैफिक लग गया। वहीं पटरियों पर पानी भरने के चलते कई ट्रेनें लेट चल रही हैं तो कई के पहिए थम गए। भारत विज्ञान मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक आने वाले 48 घंटे तक मुंबई में इसी तरह से तेज बारिश होती रहेगी। मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी जारी की गई है।
अगले चार दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुंबई के सांताक्रूज में 164.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि कोलाबा में 32.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने मुंबई, पालघर और ठाणे जिलों में बुधवार के लिए रेड अलर्ट और अगले चार दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पनवेल इलाके में सड़कें जलमग्न
मौसम विभाग के अनुसार, भारी बारिश के बाद पनवेल इलाके में सड़कें जलमग्न हो गई हैं। मुंबई में भारी बारिश के कारण मीठी नदी ओवरफ्लो हो गई है और उसका पानी कुर्ला इलाके के आसपास के इलाकों में घुस गया है। एक स्थानीय का कहना है कि हमारी इमारत के भूतल पर पानी भर गया है। ऐसा हर साल होता है।
मध्य रेलवे ने जानकारी दी है कि सीएसएमटी-ठाणे और सीएसएमटी-वाशी, सीएसएमटी-बांद्रा/गोरेगांव के बीच ट्रेन सेवाएं कुर्ला-सायन और चूना भट्टी स्टेशनों पर पटरियों पर भारी बारिश और जलभराव के कारण रोक दी गई हैं।
इससे पहले मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया था कि मुंबई में 11.43 बजे हाई टाइड के आने की आशंका है। इस दौरान समुद्र की लहरें 4.16 मीटर की ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में एहतियातन समुद्र के किनारे के इलाकों को खाली करवा लिया गया है। साथ ही कई टीमें नजर बनाए हुए हैं।
आईएमडी मुंबई के उप महानिदेशक डॉ जयंत सरकार ने बताया कि महाराष्ट्र में इस बार समय से एक दिन पहले मानसून ने दस्तक दे दी है। मुंबई में मानसून के पहुंचने की तारीख 10 जून थी। इससे पहले मंगलवार को प्री मानसून की बारिश ने मुंबई को पानी-पानी कर दिया। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जिसके कारण यातायात भी कई जगह बाधित रहा। मुंबई के हिंदमाता में सड़कों पर जल जमाव दिखा।
रेलवे ने जारी किया अलर्ट
मुंबई में भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है। मध्य रेलवे के सायन स्टेशन के ट्रैक पर भरी पानी जमा हो गया है। आगे में भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए रेलवे ने सभी रिलीफ ट्रेनों और कर्मचारियों को अलर्ट पर रहने को कहा है। बता दें कि भारी बारिश होने पर ट्रैक पर पानी भरने की स्थिति में उससे निपटने और लोकल सेवा को सुचारू रूप से चलाने के लिए रेलवे की ओर से अलर्ट जारी किया है।
एमएमआरडीए ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
बारिश और उससे होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजनल डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने 24 घंटे का आपातकालीन मानसून नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति परेशानी में मोबाइल नंबर 8657402090 और लैंडलाइन नंबर 02226594176 पर कॉल करके मदद की अपील कर सकता है।