टीकाकरण के इस शानदार रफ्तार के साथ केंद्र सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक देश की पूरी वयस्क आबादी का टीकाकरण करने की है। यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की केंद्रीय राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने कही।
पवार, फिक्की (फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) की 'हेल्थकेयर एक्सीलेंस अवार्ड्स सेरेमनी' को संबोधित कर रही थीं। वर्चुअल माध्यम से हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैश्विक चिकित्सकीय उपकरण बाजार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'मेक इन इंडिया' पहल के चलते भारत पूरी दुनिया में शीर्ष देशों में शामिल हुआ है।
कोविड-19 से बनीं चुनौतियों के बीच सफलता की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि देश में 99 करोड़ से अधिक कोरोना रोधी टीकों की खुराकें लगाई जा चुकी हैं। सरकार ने इस साल के अंत तक देश की पूरी वयस्क आबादी का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौर में उल्लेखनीय काम के लिए फिक्की को धन्यवाद कहा।
पवार ने कहा कि भारत में जनता को किफायती, सुलभ, सुरक्षित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें, यह प्रधानमंत्री मोदी का सपना है। इसे पूरा करना हमारी भी जिम्मेदारी है। भारत सरकार ने संचारी और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, नियंत्रण और उन्मूलन व मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए विभिन्न देशव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत की है।