सरकार ने बुधवार को संसद में कहा है कि मई के अंत अथवा जून के शुरुआती सप्ताह में मानसून केरल पहुंच जाएगा। सरकार की ओर से यह बात विज्ञान एवं प्रौद्योगकी मंत्री हर्षवर्धन ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि मानसून का पूर्वानुमान 15 मई को जारी किया जाएगा। हर्षवर्धन ने कहा कि भारतीय मौसम विभाग सहित कई अन्य एजेंसियों की ओर से इस वर्ष में सामान्य अथवा सामान्य से अधिर बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
उन्होंने कहा कि भारतीय मौसम विभाग की मौजूदा पूर्वानुमान प्रणाली दुनिया के कई अन्य देशों से बेहतर है और केरल में 2005 से 2014 तक का मानसून शुरु होने का पूर्वानुमान सटीक साबित हुआ है।
हर्षवर्धन ने यह भी कहा कि बारिश की मात्रा भी अनुमानित रही है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के दीर्घावधि पूर्वानुमान के अनुसार बारिश का लंबी अवधि का औसत (एलपीए) 106 फीसद रह सकता है। इसमें पांच फीसदी कम या ज्यादा की त्रुटि संभव है।