नागुपर स्थित एक कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, देश ने प्रगति की गति पकड़ ली है। कुछ शिकायतों को दूर करने में समय लगता है। जल्द ही एक ऐसा भारत होगा, जहां शिकायतों की कोई जगह नहीं होगी।
नागपुर में एक धर्मार्थ ट्रस्ट सेंट्रल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा शोधकर्ताओं, डॉक्टरों, वैज्ञानिकों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, देश में विकास ने अच्छी गति पकड़ ली है। यह गति सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
विज्ञापन
मोहन भागवत ने रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कहा, देश के पास मौजूद विशाल ज्ञान आधार और अनुसंधान क्षमता के कारण सब कुछ बढ़िया हो जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा, भारत पर आक्रमण से पहले देश विज्ञान और अन्य विधाओं में बहुत आगे था। लेकिन गुलामी और अन्य कारकों के कारण देश पीछे चला गया था।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा, देश ने आज बहुत अच्छी गति हासिल की है और दुनिया कई क्षेत्रों में हमसे सीख रही है। आज नई पीढ़ी में कई नवप्रवर्तक हैं। हालांकि मोहन भागवत ने कहा कि समाज जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उस गति से मुकाबला करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है। यह कोई समस्या नहीं, बल्कि विश्वास है सभी पहलू जल्द ही सही रास्ते पर आ जाएंगे, क्योंकि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
विज्ञापन
मोहन भागवत ने संबोधन में कहा कि एक दिन भारत में ऐसा समय आएगा जब यहां कोई भी शिकायतें नहीं होंगी। हालांकि ऐसा होने में समय लगेगा। बहुत ही कम समय में कई समस्याएं कम हो जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि समस्याएं कम होने में थोड़ा समय लगता है। भागवत ने संबोधन के दौरान लोगों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित व्यक्तियों को अवगत कराएंगे, क्योंकि सरकार भी चाहती है कि देश प्रगति से आगे बढ़ें।