मिजो नेशनल फ्रंट के (एमएनएफ) अध्यक्ष और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने मंगलवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी सत्ता विरोधी लहर को मात देकर फिर एकबार राज्य में सरकार बनाने में सक्षम होगी। राज्य के 40 सदस्यीय विधानसभा सीट पर मंगलवार को चुनाव होगा, जिसमें 16 महिलाओं समेत 174 उम्मीदवार चुनावी मैदान पर उतरे हैं। सत्तारूढ़ एमएनएफ, कांग्रेस और जोराम पीपल्स मूवमेंट सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
मंगलवार को आइजोल उत्तरी-II सीट पर मतदान देने से पहले एक 79 वर्षीय व्यक्ति ने मीडिया से कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने में सक्षम होंगे।' बता दें कि सीएम जोरामथांगा आइजोल उत्तरी-I सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा के साथ गठबंधन पर क्या बोले जोरामथांगा
एमएनएफ केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए का हिस्सा है, लेकिन मिजोरम में यह पार्टी किसी गठबंधन में नहीं है। सीएम जोरामथांगा ने एमएनएप के पूर्ण बहुमत पाने में पीछे रह जाने पर भगवा पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर किए गए सवाल पर कहा, 'मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। यह एमएनएफ सरकार होगी और मुझे इसपर पूरा भरोसा है। यहां भाजपा गठबंधन में नहीं है। एनडीए केंद्र में हैं, लेकिन मिजोरम में भाजपा या किसी अन्य पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं है।'
जोरामथांगा ने आगे कहा, 'अबतक भाजपा ने इस मुद्दे पर कोई बात नहीं की है और न ही हमने उनसे की। हम केंद्र में एनडीए के साझेदार हैं और हम केवल उन्हें मुद्दों को लेकर समर्थन देते हैं।'
उन्होंने बताया कि मिजोरम ने अबतक म्यांमार से आए 33,000 शरणार्थियों , बांग्लादेश के 800 और 13,000 से अधिक मणिपुर के लोगों को शरण दिया गया है। सीएम जोरामथांगा ने कहा कि एमएनएफ के चुनाव जीतने में शरणार्थियों का मुद्दा अहम भूमिका निभाएगा।