फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देखो अपना देश: कश्मीर घाटी में 'माइक्रो टूरिज्म' की शुरुआत, अब पर्यटकों को अनदेखी जगहों की सैर कराने की तैयारी

Fri, 26 Mar 2021 02:47 PM IST
Harendra Chaudhary आशीष तिवारी, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

घाटी ने फैलाई अपनी बांहें कहा- 'देखो अपना देश', सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों समेत कई अनदेखी जगहें दिखाएगा कश्मीर पर्यटन विभाग...
विज्ञापन
kashmir - फोटो : istock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर आपको घूमने-फिरने का शौक है और आपने कश्मीर की वादियों को बहुत करीब से नहीं देखा, तो जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग में पूरे देश के लोगों के लिए 'माइक्रो टूरिज्म' की शुरुआत की है। टूरिज्म एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ कश्मीर और पर्यटन विभाग ने देश की राजधानी दिल्ली से समूचे देश के लोगों को कश्मीर की वादियों को घूमने के लिए बुलाया है। कश्मीर पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान घूमने आने वाले पर्यटकों को कश्मीर के ऐसे इलाके दिखाए जाएंगे, जहां पर अभी तक लोग नहीं पहुंच पाते थे। इसमें धार्मिक जगहों के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी दिखाया जाएगा।

विज्ञापन


जम्मू एवं कश्मीर के पर्यटन सचिव सरमद हफीज ने बताया कि कोविड के दौरान उनके प्रदेश का पर्यटन बहुत ज्यादा प्रभावित हुआ। हालांकि लॉकडाउन खुलने के बाद पर्यटकों की अच्छी खासी तादाद बढ़नी शुरू हुई। उन्होंने बताया कि बीते दो महीनों में कश्मीर की वादियों में साठ हजार से ज्यादा पर्यटक घूमने आ चुके हैं।

जम्मू-कश्मीर पर्यटन के अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में ऐसे बहुत से स्थान हैं जो पर्यटकों को अभी तक पता ही नहीं हैं। इसलिए पर्यटन विभाग ने अपने देश के पर्यटकों के लिए कश्मीर के बहुत से धार्मिक स्थलों के साथ-साथ कश्मीर की विरासत से भी रूबरू कराने की तैयारियां की हैं। जल्द ही कश्मीर आने वाले पर्यटकों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय कला से भी रूबरू कराया जाएगा।
विज्ञापन


कश्मीर पर्यटन विभाग के निदेशक डॉक्टर जीएन इटू ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से कोविड-19 के बाद पर्यटकों के लिए गाइडलाइन को फॉलो करने के लिए पूरे इंतजाम भी किए गए हैं। कश्मीर में टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए स्थानीय टूर ऑपरेटर्स के अलावा होटल एसोसिएशन और व्यापारिक संगठनों ने मिलकर कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने अपील की।

टूर एजेंट एसोसिएशन ऑफ कश्मीर के सेक्रेटरी जनरल शौकत ने बताया कि उनकी कोशिश देश के सभी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने की है। इसमें पर्यटकों को माइक्रो लेवल पर घाटी के दूर-दराज के गांवों से लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को भी दिखाया जाएगा। कश्मीर को समझने के लिए यह वक्त बहुत मुफीद है। पर्यटक ज्यादा से ज्यादा कश्मीर आकर हमारी लोक कला और विरासत को समझ भी सकेंगे और सहेज भी सकेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'देखो अपना देश' अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर ने पर्यटकों के लिए बेहतर बंदोबस्त किए हैं। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने कश्मीर के साथ-साथ देश के बहुत से अन्य राज्यों के लिए भी पर्यटन को बढ़ावा देने की नीतियों पर जोर देना शुरू किया है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक कश्मीर में बीते दो माह में साठ हजार से ज्यादा पर्यटक घूमने आ चुके हैं। मंत्रालय की कोशिश है कश्मीर में ज्यादा से ज्यादा पर्यटक पहुंचे, ताकि वहां के बहुत से धार्मिक स्थलों के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को पर्यटकों से रूबरू कराया जा सके।

मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक कश्मीर की अपनी एक लोक कला और सांस्कृतिक विरासत है। जो अभी तक सही तरीके से देश के लोगों के सामने नहीं आ सकी है। सरकार की पूरी कोशिश है कि अब बदले हुए माहौल में देश के हर हिस्से के लोग कश्मीर जाएं और घूमें और अपनी लोक कला विरासत को समझें। इसके लिए कश्मीर पर्यटन विभाग और संबंधित महकमे से जुड़े हुए लोग पूरी तैयारी के साथ पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें