दिल्ली नगर निगम चुनाव (MCD Election 2022) में कांग्रेस पूरी जोर-आजमाइश कर रही है। कांग्रेस को इस बार न केवल अपना पुराना वोट बैंक वापस आने की उम्मीद है, बल्कि उसे पिछली बार के चुनाव से ज्यादा सीटों पर जीत का भरोसा भी है। पार्टी को लगता है कि इससे उसकी दिल्ली की सियासत में एक बार फिर मजबूत एंट्री होगी और विधानसभा चुनाव में पार्टी की संभावनाएं मजबूत होंगी।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल ने अमर उजाला को दिए विशेष इंटरव्यू में कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने झूठे वादे कर जनता को गुमराह करने का काम किया था, यही कारण था कि लोगों ने उन्हें समर्थन दिया था, लेकिन उनके आठ साल के शासन में उनकी असलियत सामने आ गई है। यही कारण है कि जनता का अरविंद केजरीवाल से मोहभंग हो गया है और अब लोग वापस कांग्रेस की ओर लौट रहे हैं।
मुदित अग्रवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार का एक मंत्री जेल में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी से मसाज करा रहा है, इससे ज्यादा शर्मनाक बात और कुछ नहीं हो सकती। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी न केवल अपने मंत्री सत्येंद्र जैन का बचाव कर रहे हैं, बल्कि उन्हें भगत सिंह बताकर उनके लिए पद्म पुरस्कारों की मांग भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश का अपमान है और इसके लिए उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने एक नई राजनीति करने की बात कही थी, लेकिन पिछले आठ साल में लोगों ने देख लिया है कि उनके लिए नई राजनीति का मतलब एक भ्रष्ट मंत्री को बचाना है, शराब माफियाओं को अनुचित लाभ पहुंचाना है। उनके शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने टॉयलेट बनाकर उसे क्लासरूम बताकर पैसे का गबन किया। यह शर्मनाक है। इससे लोगों को समझ में आ गया है कि केजरीवाल के वादों के पीछे कैसी शर्मनाक सच्चाई छिपी हुई थी। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि जनता अब कांग्रेस को दुबारा अवसर देना चाहती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने पिछले 15 साल के नगर निगम के शासन में केवल भ्रष्टाचार और गंदगी पैदा की है। आज पूरी दिल्ली गंदगी के लिए जानी जाती है, भाजपा ने दिल्ली को एक बेहतर व्यवस्था देने के लिए कोई काम नहीं किया है। अपना काम न करने और जनता के हर काम के लिए पैसे मांगना ही भाजपा नेताओं का काम बन गया है। यही कारण है कि अब उसे जनता दोबारा अवसर नहीं देना चाहती।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने मुस्लिम-दलित मतदाताओं को निराश किया है। जब-जब उनके मुद्दों पर लड़ने की बात आती है, वे शांत हो जाते हैं। उन्हें इन वर्गों को मूर्ख नहीं समझना चाहिए। अब वे अपनी पुरानी पार्टी यानी कांग्रेस की तरफ लौटेंगे और दिल्ली को एक बेहतर व्यवस्था देने में सहयोग करेंगे।
मुदित अग्रवाल ने कहा कि उनके नेता जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं। जनता से बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। पार्टी के केंद्रीय नेता भी शीघ्र ही चुनावी मैदान में नजर आएंगे। पार्टी अच्छा प्रचार करेगी और बेहतर मत प्रतिशत के साथ वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस को बेहतर लाभ मिलेगा और यह आगे आने वाले चुनावों के लिए पार्टी का रास्ता तैयार करेगा।