लड़खड़ाई राशन व्यवस्था से पीड़ित कार्डधारकों की शिकायतों के समाधान के लिए अमर उजाला की ओर से शुरू की गई मुहिम का जबरदस्त प्रभाव नजर आने लगा है। मुहिम लोगों को आवाज उठाने के लिए जागरूक भी कर रही है। असर यहां तक है कि लोगों ने प्रकाशित की गई खबरों को स्कैन कराकर पीएमओ आफिस को भेजा है।
बारह लोगों ने प्रधानमंत्री कार्यालय को राशन व्यवस्था के संबंध में शिकायतें भेजी हैं। कहा गया है कि मथुरा में राशन वितरण की व्यवस्था कितनी ध्वस्त है यह अमर उजाला की हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों से पता चलता है। हर रोज 500-500 शिकायतें आ रही हैं। लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
पूरी प्रशासनिक व्यवस्था ध्वस्त बनी हुई है। कहीं पांच महीने से राशन नहीं बंटा है तो कहीं सात महीने से। प्रधानमंत्री आफिस तक जो शिकायतें पहुंची हैं उनका शिकायत नंबर भी लोगों को जारी कर दिया गया है। माना जा रहा है कि अब प्रधानमंत्री आफिस से पूरे मामले की जांच शुरू करा दी जाएगी।