केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
- फोटो : facebook/mansukhmandviya
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कोरोना वायरस महामारी को लेकर शनिवार को पांच पूर्वी राज्यों के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले दो सप्ताह में अधिकतर राज्यों में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या में कमी आई है और सकारात्मकता दर में भी गिरावट देखी गई है। लेकिन, इसके बाद भी निगरानी और सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। इस बैठक में ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव/अतिरिक्त प्रमुख सचिव और सूचना आयुक्त शामिल हुए।
मंडाविया ने अनुरोध किया कि ये राज्य केस पॉजिटिविटी रेट पर दैनिक आधार पर नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि अधिकतर राज्यों में कोरोना वायरस जांच में कमी देखी गई है, ऐसे में उन्हें आरटी-पीसीआर जांच दर बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने राज्यों को यह सलाह भी दी कि कोरोना वायरस के चलते अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या और इस बीमारी की वजह से होने वाली मौतों की संख्या पर भी लगातार नजर बाए रखें। टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट की नीति पर ध्यान दें और कोरोना अनुरूप व्यवहार का पालन सुनिश्चित करें।