मणिपुर सरकार ने एक निजी दूरसंचार कंपनी को कारण बताओ नोटिस भेजा है। एजेंसी के मुताबिक 20 सितंबर को कुछ जगहों पर प्रदेश सरकार के आदेश के बावजूद इंटरनेट सेवा एक्टिव पाई गईं, जिसके चलते अब यह एक्शन लिया गया है।
मणिपुर सरकार ने एक निजी दूरसंचार कंपनी को कारण बताओ नोटिस भेजा है। एजेंसी के मुताबिक 20 सितंबर को चुराचांदपुर और आसपास के बिष्णुपुर जिले के कुछ इलाकों में इंटरनेट डेटा सेवाएं एक्टिव पाई गईं, जबकि इनका निलंबन का आदेश अभी भी लागू है।
विज्ञापन
आयुक्त (गृह) टी रणजीत सिंह ने गुरुवार को एयरटेल, इम्फाल के मुख्य तकनीकी अधिकारी आशीष बंसल को लिखे एक पत्र में कहा कि यह सेवा प्रदाता की ओर से एक गंभीर चूक है और इसके कारण भड़काऊ और उत्तेजक संदेश फैल सकता है। अधिकारी ने कहा कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर क्लिप और संदेश सांप्रदायिक तनाव, नफरत और अफवाहों को जन्म दे रहे हैं।
सरकारी आदेशों का है उल्लंघन
पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में राज्य में मौजूद बेहद संवेदनशील और अस्थिर कानून व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए, उपरोक्त खामियों को राज्य सरकार ने बहुत गंभीरता से लिया है और यह सरकारी आदेशों का उल्लंघन है।
विज्ञापन
कंपनी से मांगा स्पष्टीकरण
राज्य सरकार ने एयरटेल से शुक्रवार तक अपनी खामियों का लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही यह भी जानना चाहा कि इस तरह के कृत्य के लिए जिम्मेदार अधिकारी कौन हैं और सरकारी आदेशों के उल्लंघन के लिए एयरटेल के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए।