महाराष्ट्र के यवतमाल में शुक्रवार को आतंक का पर्याय बन चुकी आदमखोर बाघिन अवनि उर्फ टी1 को मार गिराया गया था। वह 14 लोगों को अपना शिकार बना चुकी थी। बाघिन की मौत से केंद्रीय बाल एवं महिला विकास मंत्री मेनका गांधी सहित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी काफी नाराज हैं। केंद्रीय मंत्री ने बाघिन की मौत पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से राज्य के वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को हटाने की मांग की है।
मेनका गांधी ने मुनगंटीवार को बाघिन टी1 को मारने के आदेश को पारित करने का आरोप लगाया है। फडणवीस को लिखे पत्र में गांधी ने लिखा, 'मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि बाघिन को मारने की जिम्मेदारी तय की जाए और श्री मुनगंटीवार को राज्य सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के पद से हटाने के बारे में विचार किया जाए।' उन्होंने कहा कि यदि वन एवं पर्यावरण मंत्रालय जानवरों की सुरक्षा के बजाए उनकी हत्या को शह देगा तो वह निश्चित तौर पर अपने कर्तव्य में असफल रहा है। यह उसी तरह है जैसे महिला एवं बाल विकास मंत्रालय बाल तस्करी के लिए काम करे।
सोमवार को
देवेंद्र फडणवीस ने कहा था, 'शुरुआती रिपोर्ट्स दिखाती हैं कि वन विभाग की टीम ने टी1 उर्फ अवनि को आत्मरक्षा में मार गिराया क्योंकि उसे बेहोश करने की कोशिश में उसने उनपर हमला कर दिया था।' इस मसले पर बात करते हुए मुनगंटीवार ने कहा कि वन विभाग में कोई भी बाघिन को मारना नहीं चाहता था और इसी वजह से विभाग के हजारों सुरक्षाबल पिछले तीन महीनों से उसे जिंदा पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। शुक्रवार को शार्प शूटर शफथ अली खान ने अवनि को मार गिराया था।
बाघिन की मौत के बाद से वन्यजीव संरक्षण संस्थाएं इसका विरोध कर रही हैं। मुनगंटीवार ने हालांकि इस हत्या का यह कहते हुए बचाव किया कि इससे स्थानीय किसानों और आदिवासियों के बीच अशांति का माहौल पैदा हो गया था क्योंकि पिछले 2 सालों में अवनि ने 14 लोगों को मार दिया था। बता दें कि बाघिन को पकड़ने के लिए वन विभाग के अधिकारियों सहित कुल 200 लोगों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इस ऑपरेशन में 4 हाथियों और वन्यजीव पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम को भी लगाया गया था।