गुजरात के सूरत से एक व्यक्ति को पुलिस ने चरस से जुड़ी जानकारी छुपाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने 6.56 करोड़ रुपये की 13.12 किलोग्राम चरस समुद्र तट पर छिपा दी थी। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा, गुप्त सूचना के आधार पर सूरत अपराध शाखा की टीम ने रविवार को आरोपी को पकड़ा। जिसके पास से चरस के 13 पैकेट बरामद हुए।
बेचने की मंशा से छुपाए थे समुद्र तट के पास
पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया था कि जांच से पता चला कि आरोपी को ये 13 पैकेट दो महीने पहले रजगारी गांव स्थित समुद्र तट के पास मिले थे। अधिकारी ने कहा, आरोपी ने पुलिस को बताने के बजाए इसे बेचकर पैसा कमाने की मंशा जताई थी। जिसके बाद उसने इन्हें समुद्र तट पर ही छुपा दिया था।
हालांकि पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार, वह तीन दिन पहले ये पैकेट घर लाया था और इन्हें बेचने की योजना बना रहा था। गौरतलब है कि चरस पैकेटों का विवरण हाल ही में जखाऊ तट पर सीमा सुरक्षा बल द्वारा मिले पैकेटों से मेल खाता है। हाल ही में सूरत के बाहरी इलाके में हजीरा गांव के पास 4.15 करोड़ रुपये की चरस को बेचने की कोशिश में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
बीएसएफ और अन्य अधिकारियों की जांच से पता चला था कि गुजरात तट पर नियमित अंतराल पर पाए जाने वाले ऐसे पैकेट पकड़े जाने से बचने के लिए तस्करों द्वारा समुद्र में फेंक दिए जाने के बाद किनारे बहकर आए थे।