फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'निकालेंगे रास्ता..': बंगाल में अकेले लड़ने के ममता के एलान पर आई विपक्ष की प्रतिक्रिया, जानें कौन-क्या बोला

Wed, 24 Jan 2024 01:23 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता / नई दिल्ली

सार

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा है कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में एकेले चुनाव लड़ेगी। इस बड़े सियासी फैसले पर विपक्षी दल भाजपा समेत कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भाजपा ममता को हताश बता रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस भी किसी समझौते के मूड में नहीं दिख रही है।
विज्ञापन
आप नेता सौरभ भारद्वाज, भाजपा नेता शहजाद पूनावाला, जयराम रमेश और राजद प्रवक्ता मनोज झा (फाइल) - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 'एकला चलो' की नीति अपनाने का एलान किया है। कांग्रेस और वाम  दलों के साथ आम सहमति न बनने पर ममता ने कहा है कि वे बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगी। इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर विपक्षी दलों की तरफ से भी बयान आने शुरू गए हैं। जहां कांग्रेस ने इस मामले में डैमेज कंट्रोल की कोशिशें शुरू कर दी हैं वहीं आम आदमी पार्टी और राजद ने ममता बनर्जी को गठबंधन का अहम हिस्सा करार दिया है।
विज्ञापन


आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?
INDIA गठबंधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'बंगाल में तृणमूल कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है, सत्ता में है... इसलिए उनके लिए सीटों का बंटवारा थोड़ा उलझा हुआ रहेगा लेकिन छोटे-मोटे जो भी मनमुटाव होंगे वो हल कर दिए जाएंगे क्योंकि मोटे तौर पर चाहें राहुल गांधी हों या ममता बनर्जी हों, दोनों ही INDIA गठबंधन की कामयाबी के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

भाजपा प्रवक्ता पूनावाला क्या बोले?
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, राहुल गांधी इस तथाकथित न्याय यात्रा में हिंसा को भड़का रहे हैं... कुछ दिन पहले वो वीडियो भी सामने आया जिसमें राहुल गांधी कहते हैं कि अपने CRPF के जवानों को समझा दो, तमाशा ना करें। इस प्रकार की भाषा और इस प्रकार का रवैया दिखाता है कि कानून-व्यवस्था की देख रेख करने वाले सुरक्षा कर्मियों के प्रति राहुल गांधी और कांग्रेस के मन में कोई सम्मान नहीं है।
विज्ञापन

ममता के फैसले पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश का बयान

Jairam Ramesh - फोटो : Social Media
इस बीच ममता के बयान पर कांग्रेस की भी प्रतिक्रिया आई है। पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि लंबे समय में स्पीड ब्रेकर आते हैं। लेकिन ममता बनर्जी और टीएमसी के बिना गठबंधन की कल्पना नहीं की जा सकती। वे इंडिया गठबंधन का अहम हिस्सा हैं। बंगाल में गठबंधन ही चुनाव लड़ेगा।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में नहीं बुलाए जाने के ममता के आरोप पर रमेश ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभी दलों से बात की है और उनसे संपर्क में हैं। ममता को भी न्याय यात्रा में आने का न्योता भेजा गया है। हम उनसे बात कर के बीच का रास्ता निकालेंगे।

राजद ने कहा- वेट एंड वॉच; खास परिस्थितियों में दिया गया बयान?

राजद नेता मनोज झा (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
राजद नेता और सांसद मनोज झा ने इसे लेकर कहा, थोड़ा इंतजार करिए। हो सकता है जो बयान दिया हो, वो विशेष परिस्थिति में दिया हो। उस पर कार्रवाई होगी, चर्चा होगी और अगर कहीं कुछ अंतर्विरोध है तो उसे सुलझाने का नाम ही गठबंधन होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ भी कहने के लिए स्वतंत्र है, हमारी तारीफ तो करेगी नहीं। हम तो सीधे भाजपा को कहेंगे कि अपना घर ठीक रखिए।

विपक्षी दलों के प्रमुख चेहरों को जानिए

गौरतलब है कि 28 विपक्षी दलों के गठबंधन- INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस) में शामिल प्रमुख दलों में कांग्रेस के अलावा तमिलनाडु में सत्तारुढ़- डीएमके, पश्चिम बंगाल में लगातार तीसरा कार्यकाल हासिल करने वाली सीएम ममता की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस प्रमुख हैं। इनके अलावा सीएम अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) भी गठबंधन में शामिल है। महाराष्ट्र की पार्टी- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (UBT) भी गठबंधन में शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में सरकार चला चुके पूर्व CM अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (SP) भी इस विपक्षी  गठजोड़ का हिस्सा हैं।

जगजाहिर है कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और CM ममता बनर्जी का टकराव

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी - फोटो : सोशल मीडिया
कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस का टकराव लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। टकराव के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी लगातार आक्रामक बयान दे रहे हैं। उन्होंने मंगलवार शाम कहा, कांग्रेस ममता बनर्जी की दया पर चुनाव नहीं लड़ेगी। बकौल अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ना जानती है। हमने पश्चिम बंगाल में जो दो सीटें 2019 के लोकसभा चुनाव में जीती हैं, उनपर ममता और भाजपा दोनों को हराया है। उन्होंने कहा कि ममता अवसरवादी हैं। वे 2011 में कांग्रेस की कृपा से सत्ता में आईं।
 

ममता के एलान पर आदित्य ठाकरे बोले- बंगाल में शेरनी जैसी लड़ाई, गठबंधन में रहना जरूरी

शिवसेना यूबीटी विधायक आदित्य ठाकरे (फाइल) - फोटो : ANI
ममता के बयान पर महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री रहे आदित्य ठाकरे ने कहा, उन्हें मीडिया से जानकारी मिली है कि सीएम ममता ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा, वे बंगाल में एक शेरनी की तरह लड़ रही हैं। भाजपा को हराने के साथ-साथ विपक्षी एकजुटता के मामले में भी उनकी लड़ाई काफी अहम है।

NCP को भरोसा- गठबंधन को कोई नुकसान नहीं; हर राज्य में अलग मॉडल पर लड़ाई

सुप्रिया सुले - फोटो : सोशल मीडिया
ममता बनर्जी के बयान पर महाराष्ट्र की एक अन्य कद्दावर नेता सुप्रिया सुले ने भी प्रतिक्रिया दी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया ने कहा, 'वे हमारी दीदी हैं और हम उनसे प्यार करते हैं। सभी उनका सम्मान करते हैं। गठबंधन (INDIA) एकजुट है और हम सभी एक साथ लड़ेंगे। गठबंधन को कोई नुकसान नहीं होगा। हर राज्य में एक अलग मॉडल होगा। गठबंधन में कोई अंतर्कलह नहीं है। हम लगातार बातचीत कर रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी के रवैये पर भड़के भाजपा नेता; कर्नाटक के आर अशोक ने कही यह बात

कर्नाटक में बीजेपी नेता आर अशोक ने भी सीएम ममता के एलान पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, 'मैं ममता बनर्जी के रुख का स्वागत करता हूं। कांग्रेस एक 'नालायक' पार्टी है।' उन्होंने कहा, टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी के बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं ने भी आक्रामक तेवर दिखाए हैं।

विज्ञापन

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया स्वार्थी और अवसरवादी गठबंधन

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद - फोटो : Twitter
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने भी विपक्षी दलों के गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने सीएम ममता के फैसले पर कहा कि उन्हें इस फैसले से हैरानी नहीं हुई है। बकौल रविशंकर प्रसाद, जब स्वार्थी और अवसरवादी गठबंधन बनाए जाते हैं तो मतभेद और सीट बंटवारे पर टकराव जैसी चीजें होती ही हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें