चेन्नई पुलिस ने शुक्रवार को थ्रिसूर से 39 साल के होटल व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। वह मलेशिया के एक होटल का निदेशक है जो चेन्नई की ट्रेनों का सीरियल चोर बन गया। आरोपी का नाम के साहुल हमीद है। उसकी दो बार शादी हो चुकी है और वह तीसरी बार शादी करने वाला था। रेलवे पुलिस जिसने उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया उसका कहना है कि उन्हें उसके पास से 110 सोने की ज्वैलरी मिली है जिनकी बाजार में कीमत 28 लाख रुपये है। इन्हें उसने लगभग 29 यात्रियों से चुराया था।
डीजीपी (रेलवे) सी सायलेंद्र बाबू और डीआईजी (रेलवे) वी बालाकृष्णन के द्वारा बनाई गई विशेष टीम ने 7 मई को देखा कि एक अच्छे कपड़े पहने हुआ शख्स चेन्नई सेंट्रल में इधर-उधर घूम रहा है। उन्होंने उसे हिरासत में ले लिया। उसने अपना नाम साहुल हमीद बताया और कहा कि वह 2016 से चोरी कर रहा है। लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
लैपटॉप में रखी थी चोरी की पूरी जानकारी
पुलिस अधिकारी ने कहा साहुल हमीद मलेशिया के कुआला लंपुर में अपन दो साझेदारों के साथ नीचे वैली नाम का होटल चलाता है। उसके साझेदार पत्नी और दो बच्चे हैं। वह अक्सर चेन्नई आया करता था और रात में केरल जाने वाली ट्रेनों के एसी और स्लीपर का टिकट लिया करता था।
उसने पुलिस को बताया कि वह अमीर यात्रियों को अपना शिकार बनाया करता था। खासतौर से उन महिलाओं को जो अकेले केरल जाती थीं। बालाकृष्णन ने कहा, 'वह ट्रेन के खुलने से एक घंटे पहले रेलवे स्टेशन पहुंच जाता था और अपने शिकार को चिह्नित कर लिया करता था। वह हमला करने के लिए रात का इंतजार करता था। सेकेंड क्लास एसी कंपार्टमेंट मे लगे पर्दों ने उसका काम आसान कर दिया था।'
वह बैग को उठाता, उसमें मौजूद कीमती सामान को निकाल लेता और बैग को उसी स्थान पर रख देता था ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उसपर कोई शक न करे। वह चोरी की सारी जानकारी को अपने लैपटॉप में दर्ज करता था। इंस्पेक्टर थॉमस जेरुडासन के नेतृत्व वाली टीम उसे उन स्थानों पर लेकर गई जहां से उसने सोने को छुपाया था। पुलिस ने उसके पास से सोने को बरामद कर लिया है।
डीआईजी ने कहा साहुल ने 11 देशों की यात्रा की है और उसे छह भाषाएं आती हैं। वह अपने होटल में हर महीने फैशन शो आयोजित करता है। उसने पुलिस को बताया कि वह अल्जीरिया, फ्रांस, नीदरलैंड्स और उज्बेकिस्तान से मॉडल लाता था और उन्हें ही बिजनेस टाइकून्स को सप्लाई करता था।