लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने धीरे-धीरे अपने उम्मीदवारों का एलान करना शुरू कर दिया है। दो मार्च में भाजपा ने 195 उम्मीदवारों के नामों की पहली लिस्ट जारी की थी। वहीं कांग्रेस ने बीते शुक्रवार को 39 नामों के साथ अपनी पहली सूची जारी की। इस बीच, शनिवार को एनसीपी के संस्थापक शरद पवार ने सांसद सुप्रिया सुले को महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया। गौरतलब है कि अटकले लगाई जा रही है कि सूबे के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को उनके खिलाफ उतारा जा सकता है।
बारामती लोकसभा सीट से सुप्रिया सुले लडेंगी चुनाव
पुणे जिले की भोर तहसील में आयोजित महा विकास अघाडी द्वारा आयोजित एक रैली के दौरान शरद पवार ने सुप्रिया सुले के चुनावी सीट की घोषणा की। इस दौरान कार्यक्रम में एमवीए के सहयोगी दल शिवसेना(यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत भी मौजूद थे। अपने संबोधन के दौरान शरद पवार ने कहा कि चुनाव आयोग 14 या 15 मार्च को लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।
अब बदलाव की जरूरत है- शरद पवार
अपने संबोधन के दौरान शरद पवार ने कहा कि चुनाव हमारे देश का भविष्य तय करेगा। वर्तमान परिदृश्य को देखकर लगता है कि अब बदलाव की जरूरत है। पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों की लगातार हो रही आत्महत्या की घटनाओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका पूरा ध्यान केवल गुजरात पर ही है। एनसीपी संस्थापक शरद पवार ने केंद्र पर अपनी शक्ति का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया।
न काला धन वापस आया, न कोई काम किया गया- शरद पवार
जनसभा को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि पीएम मोदी कौन सी गारंटी दे रहे हैं। न तो विदेश में जमा काला धन वापस लाया गया और न ही कोई काम किया जा रहा है। आज किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर गए हैं। लेकिन पीएम मोदी का उनकी समस्याएं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं हैं। हमारे देश में महंगाई और बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बनती जा रही है।
संग्राम थोपटे का हमेशा करेंगे समर्थन- शरद पवार
अपने संबोधन के जरिए शरद पवार ने लोगों से अपील की है कि अब समय आ गया है। जब आप अपना मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। आप सभी हमारे चुनावी चिन्ह पर बटन दबाएं। आज मैं बारामती लोकसभा सीट के लिए सुप्रिया सुले के नाम का एलान करता हूं। अपने संबोधन के दौरान शरद पवार ने कांग्रेस के भोर विधायक संग्राम थोपटे की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह विधायक का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि संग्राम थोपटे आप अपनी तहसील, राज्य या देश के लिए जो भी काम करेंगे, मैं हमेशा आपका समर्थन करूंगा।