महाराष्ट्र में जिंदा युवक को कुएं में फेंका
- फोटो : सोशल मीडिया
महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 28 वर्षीय व्यक्ति को कथित तौर पर उसके दो दोस्तों ने पहले बुरी तरह पीटकर अधमरा किया और फिर उसकी पीठ पर पत्थर बांधा और उसे कुएं में फेंक दिया। पुलिस को मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड्स से पता चला कि वह पैसे के लेन-देन का काम करता था। उधार वापस मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला चंद्रपुर के पड़ोली थाना इलाके का है। मोरवा गांव निवासी प्रवीण (28 वर्षीय) ब्याज पर रुपये देने का काम करता था। उसने अपने दो दोस्तों को ब्याज पर पच्चीस हजार रुपये उधार दिए थे। अवधि पूरी होने पर जब उसने रुपये वापस मांगे तो उसके दोस्त रुपये लौटाने में टाल-मटोल करने लगे। आरोपी न तो ब्याज दे रहे थे, नहीं मूलधन। प्रवीण बार-बार अपने रुपये मांग रहा था। इसी बात को लेकर प्रवीण और उसके दोस्तों के बीच मारपीट हो गई।
इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों दोस्तों ने मिलकर प्रवीण की बुरी तरह से पिटाई कर दी और उसे अधमरा कर दिया। आरोपी इतने पर भी इनहीं रुपके, उन्होंने प्रवीण के हाथ-पैर बांधे। फिर उसकी पीठ पर एक बड़ा सा पत्थर बांधा और उसे कुएं में फेंककर मौके से फरार हो गए।
पीठ पर पत्थर बंधा होने की वजह से प्रवीण खुद को नहीं बचा सका और कुएं में तड़प-तडप कर उसकी जान चली गई। दो दिन तक जब प्रवीण घर नहीं लौटा तो उसके चाचा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना देर किए प्रवीण की तलाश शुरु की और उसके फोन को सर्विलांस पर लगाया।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी महेश कोंडावार ने बताया कि जांच के दौरान प्रवीण की गाड़ी मिली। जिस पर खून के धब्बे थे और पास के ही स्कूल के पीछे एक कुएं के पास भी खून के धब्बे दिखे। एनडीआरएफ की टीम को कुएं में सर्च के लिए उतारा गया जिसमें पत्थर से बंधी लाश मिली। लाख की शिनाख्त प्रवीण के घरवालों से कराई और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने प्रवीण के मोबाइल रिकॉर्ड्स के जरिए दो संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ की जिसमें उसे पता चला कि वह ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। उसी के तहत प्रवीण की हत्या कर दी गई।