ठाणे में मां ने डांटा तो बेटी ने खाया जहर, मौत
ठाणे जिले में एक लड़की ने कथित तौर पर जहर खा लिया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दरअसल, लड़की की मां ने अधिक फोन चलाने के कार उसे डांट दिया था, जिसके बाद उसने जहर खा लिया। लड़की अंबरनाथ इलाके की रहने वाली थी। उसने 26 सितंबर को चूहे मारने की दवाई खाई थी, जिसके बाद उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर थी, जिस कार उसे मुंबई के अस्पताल में ट्रांसफर किया गया, जहां दो अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया।
ठाणे में पिता ने बेटी से किया दुष्कर्म
ठाणे में एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी 17 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मई 2022 में जब परिवार उत्तर प्रदेश के गोंडा में रह रहा था, तब व्यक्ति ने अपनी बेटी से उस समय दुष्कर्म किया, जब वह सो रही थी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। आरोपी ने नाबालिग को इसके बारे में किसी को बताने से गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। जब आरोपी की पत्नी ने उससे इस अपराध को लेकर पूछताछ की तो उसने पत्नी के साथ भी मारपीट की। जब इस अपराध के बारे में रिश्तेदारों को पता चला तो आरोपी ने इसे फर्जी आरोप बता दिया। तीन महीने पहले परिवार ठाणे में शिल फाटा में रहने लगा, जहां व्यक्ति ने फिर अपनी बेटा से दुष्कर्म किया। रविवार को पीड़िता ने पुलिस में जाकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लग गई
बुजुर्ग से लाखों का सामान चुराने के आरोप में नर्स के खिलाफ केस दर्ज
ठाणे में पुलिस ने एक बुजुर्ग मरीज से 2.21 लाख रुपये का कीमती सामान चुराने के आरोप में एक नर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को पूजा झांके (27) के खिलाफ मामला दर्ज किया। उसे दिल की सर्जरी के बाद 74 वर्षीय महिला की देखभाल के लिए एक नर्सिंग ब्यूरो के माध्यम से काम पर रखा गया था। शिकायत में बताया गया कि महिला की देखभाल करने के दौरान उसने पीड़िता का ध्यान भटकाकर घर से नकद और सोने की चोरी की। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुणे में व्यक्ति ने बच्ची से किया यौन उत्पीड़न
पुणे के मुंडवा इलाके की एक झुग्गी बस्ती में एक व्यक्ति ने पड़ोस में रहने वाली चार साल की बच्ची का यौन उत्पीड़न किया। बच्ची के माता-पिता मजदूर है और वे 32 वर्षीय आरोपी के दोस्त हैं। आरोपी उनके घर पर अक्सर आता रहता था। रविवार को बच्ची के माता-पिता घर पर नहीं थे। उसे उसकी बड़ी बहन की देखभाल में छोड़ दिया गया था। आरोपी घर आया और लड़की को अपने साथ ले गया। जब बच्ची की मां घर वापस लौटी तो अपनी बड़ी बेटी को उसे वापस लाने के लिए कहा। बच्ची ने मां को घटना के बारे में बताया। महिला ने तुरंत आरोपी से पूछताछ की लेकिन वह फरार हो गया, जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ठाणे में एमएसीटी ने पांच साल पहले मारे गए व्यक्ति को दिया मुआवजा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने पांच साल पहले एक कार दुर्घटना में मारे गए 39 वर्षीय व्यक्ति के परिवार को 76.3 लाख रुपये का मुआवजा दिया। एमएसीटी के अध्यक्ष एसबी अग्रवाल ने कार मालिक और बीमा कंपनी, न्यू इंडिया एंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को 7.5 प्रतिशत प्रति वर्ष ब्याज देने का आदेश दिया। सात अक्तूबर को पारित आदेश की प्रति रविवार को उपलब्ध करायी गई। यह घटना 22 फरवरी 2020 में घटी थी। पीड़ित संदेश कुसम, पुणे-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर एक कार में सवार थे, और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण कार एक सुरंग में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
शिंदे सरकार ने ओलंपिक कांस्य विजेता कुसाले को किया सम्मानित
पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाले निशानेबाज स्वप्निल कुसाले व अन्य खिलाड़ियों को सोमवार को मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने सम्मानित किया। जिसमें कांस्य पदक जीतने वाले निशानबाज स्वप्रिल कुलाले को महाराष्ट्र सरकार ने 2 करोड़ का चेक देकर सम्मानित किया।
कुसाले ने पेरिस ओलंपिक की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। कुसाले के पिता और भाई जिला स्कूल में शिक्षक हैं और उनकी मां महाराष्ट्र के कोल्हापुर के पास कम्बलवाड़ी गांव की सरपंच हैं। इसके साथ ही पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की शॉटपुट एफ46 स्पर्धा में एशियाई रिकॉर्ड तोड़कर रजत पदक जीतने वाले एथलीट सचिन सरजेराव खिलाड़ी को इस अवसर पर तीन करोड़ रुपये का चेक दिया गया। इसके साथ ही इन खिलाड़ियों के कोचों को भी 20 से 30 लाख रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया।
ओवरटेकिंग के लिए हुए विवाद में युवक की हत्या
मुंबई के गोरेगांव इलाके में ओवरटेकिंग से शुरू हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ओवरटेकिंग को लेकर हुए झड़प के बाद आकाश मेन नाम के शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मुंबई की डिंडोशी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां कोर्ट ने सभी को 22 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
नहर में नहाने गए चार छात्र बहे
महाराष्ट्र के नागपुर जिले से सोमवार को रामटेक के पास पेंच नदी की नहर में नहाने उतरे चार छात्र के नहर में बह जाने की खबर सामने आ रही है। जिसको लेकर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने मंदीप पाटिल (17), मयंक मेश्राम (14), अनंत सबरे (13) और मयूर बागरे (15) की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारी ने बताया कि नदी से हाल ही में पानी छोड़े जाने के कारण नहर में पानी का बहाव तेज हो गया था, जिसके कारण वे बह गए। अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मंगलवार को इसे फिर से शुरू किया जाएगा। बता दें कि सभी छात्र रामटेक स्थित इंदिरा गांधी विद्या मंदिर और जूनियर कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं।
अजित पवार को लगा झटका, संजीव राजे ने थामा शरद पवार का दामन
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले अजित पवार को झटका लगता हुआ दिख रहा है। सोमवार को एनसीपी नेता रामराजे नाइक निंबालकर के भाई संजीव राजे और फलटण से एनसीपी विधायक दीपक चव्हाण अपने समर्थको के साथ शरद पवार के गुट में शामिल हो गए है। जिसको लेकर सोमवार को बोलते हुए शरद पवार ने कहा कि रामराजे नाइक निंबालकर समारोह में मौजूद नहीं थे, लेकिन उनका दिल एनसीपी (एसपी) के साथ है।
नाबालिग लड़की को नशीला पदार्थ खिलाकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के जालना शहर से इंसानियत को तार-तार करने वाली खबर सामने आ रही है। जहां नौ साल की एक लड़की को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ बलात्कार किया गया और उसे सड़क पर छोड़ दिया गया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल ने बताया कि चंदनझिरा निवासी आदित्य जाधव को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार रात को जब लड़की घर पर अकेली थी, तो जाधव ने उसे उठाया और नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने उसे प्रताड़ित करने और मारपीट करने के बाद सड़क पर छोड़ दिया।