फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: रायगढ़ में बस के खाई में गिरने से 19 महिलाएं घायल; ठाणे पुलिस ने सेक्स रैकेट का किया भंडाफोड़

Wed, 09 Oct 2024 11:36 PM IST
अभिषेक दीक्षित पीटीआई, मुंबई/ठाणे/नागपुर
विज्ञापन
जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक सात साल की लड़की की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह अपने दादा के साथ स्कूटर से गिरकर मिनी ट्रक के पहियों के नीचे आ गई। प्रताप नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना गोपाल नगर को पडोले स्क्वायर से जोड़ने वाली सड़क पर मंगलवार शाम को हुई। लड़की डांस क्लास के लिए जा रही थी। वह अपने दादा के साथ स्कूटर पर पीछे बैठी थी। इस दौरान एक अज्ञात वाहन ने अचानक पीछे से स्कूटर को टक्कर मार दी। नाबालिग और उसके दादा सड़क पर गिर गए और लड़की एक मिनी ट्रक के पिछले पहियों से कुचल गई। प्रताप नगर पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

विज्ञापन


एशिया की सबसे बड़ी 'इमेजिंग चेरेनकोव' दूरबीन का उद्घाटन
एशिया की सबसे बड़ी इमेजिंग चेरेनकोव दूरबीन, मेजर एटमॉस्फेरिक चेरेनकोव एक्सपेरीमेंट (एमएसीई) वेधशाला का लद्दाख के हानले में उद्घाटन किया गया है। इस दूरबीन से वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा। 4,300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह दूरबीन दुनिया में इस तरह की सबसे ऊंची दूरबीन भी है। परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) के सचिव अजीत कुमार मोहंती ने चार अक्तूबर को इस दूरबीन का उद्घाटन किया। मुंबई स्थित भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र (बीएआरसी) ने इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) और अन्य भारतीय उद्योग साझेदारों के सहयोग से स्वदेशी रूप से इस दूरबीन का निर्माण किया है।

महायुति में बगावत रोकने को बनी समन्वय समिति
हरियाणा चुनाव में भाजपा को मिले बूस्टर डोज के बाद महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन महायुति ने अपने कील कांटे दुरुस्त करने शुरू कर दिए हैं। लोकसभा चुनाव में महायुति की सीटें कम होने की एक वजह शिवसेना, भाजपा और एनसीपी में आपसी समन्वय का अभाव था। इससे सबक लेकर महायुति ने समन्वय समिति की नियुक्ति कर आपस में तालमेल बनाना शुरू कर दिया है। आबकारी मंत्री और शिवसेना के नेता शंभूराज देसाई ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गठबंधन में उम्मीदवारों के चयन और सीटों के बंटवारे से संबंधित कार्ययोजना पर काम पूरा कर लिया है। अब विधानसभा स्तर पर आपसी तालमेल के लिए समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिले झटके से महायुति के दलों ने सबक सीखा है और विधानसभा चुनाव से पहले आवश्यक बदलाव सुनिश्चित किए हैं।

विज्ञापन

घर खाली करवाने के ईडी नोटिस के खिलाफ शिल्पा  और कुंद्रा पहुंचे हाईकोर्ट
बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके कारोबारी पति राज कुंद्रा मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में घर खाली करने वाले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे हैं। ईडी ने उनके मुंबई के जुहू के आवास और पुणे में पवना बांध के पास बने बंगले को खाली करने का नोटिस दिया है। जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और जस्टिस पृथ्वीराज चव्हाण की खंडपीठ ने बुधवार को इस मामले में ईडी को नोटिस जारी किया। बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी। शिल्पा और कुंद्रा को ईडी ने 27 सितंबर को जुहू स्थित आवास और पुणे का फार्म हाउस 10 दिन में खाली करने का नोटिस जारी किया था। उन्हें 2018 में बिटकॉइन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यह नोटिस दिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विवाद के बाद दंपति पर हमले के आरोप में 3 पर मामला दर्ज
ठाणे जिले में एक महिला और उसके दो रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन दोनों पर आरोप है कि महिला के नाबालिग बेटे ने दंपति के बच्चे की पिटाई कर दी थी। यह विवाद ठाणे जिले के ठाणे में हुआ। यह घटना 6 अक्तूबर को दैघर इलाके में हुई। आरोपी महिला के छह साल के बेटे ने कथित तौर पर बिना किसी कारण के दंपति के 2 साल के बेटे की पिटाई की और उसे लात-घूंसों से मारा। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

हथकड़ी, arrest - फोटो : अमर उजाला
बहन के बच्चे को सड़क पर छोड़ने के आरोप में महिला गिरफ्तार
ठाणे शहर में पुलिस ने 24 वर्षीय एक महिला को अपनी बहन के नवजात शिशु को कथित रूप से सड़क पर छोड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कलवा के भास्कर नगर में मंगलवार सुबह करीब 6:15 बजे कुछ राहगीरों ने एक चॉल के पास सड़क पर नवजात बच्ची को पड़ा देखा और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। नवजात के माता-पिता के बारे में कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। अधिकारी ने बताया कि तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस छह घंटे के भीतर बच्ची की मौसी तक पहुंच गई। महिला से पूछताछ के बाद पता चला कि बच्ची उसकी बहन की है। बच्ची की मौसी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ठाणे में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
ठाणे पुलिस ने दो सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है और इस दौरान थाईलैंड की दो महिलाओं समेत नौ महिलाओं को बचाया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इन मामलों में थाईलैंड की एक महिला समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील तरमाले ने बताया कि एक मॉल के अंदर स्थित स्पा से सेक्स रैकेट चलाए जाने की सूचना मिलने पर अपराध शाखा के जबरन वसूली निरोधक प्रकोष्ठ की एक टीम ने मंगलवार को उस जगह पर छापा मारा।

उन्होंने बताया कि सेक्स रैकेट चलाने वाली दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143 (किसी व्यक्ति की तस्करी) और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कपूरबावड़ी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि बचाई गई महिलाएं, जो जाहिर तौर पर कर्मचारी के तौर पर काम करती थीं, उनसे सेक्स वर्कर के तौर पर काम कराया जाता था।

मां-बास से पैसे नहीं लाने पर पत्नी को दिया 'तीन तलाक'
मुंबई में एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 27 वर्षीय एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को उसके माता-पिता से पैसे नहीं लाने पर कथित तौर पर 'तीन तलाक' (तत्काल तलाक) देने का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार शाम को तब सामने आई जब 22 वर्षीय महिला अपने पति, उसके माता-पिता और छोटे भाई के खिलाफ शिकायत लेकर जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंची। अपनी शिकायत में महिला ने कहा कि उसने अपने माता-पिता की मर्जी के खिलाफ 2020 में स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति से शादी की थी। इसके बाद उसने अपने माता-पिता से संबंध तोड़ लिए और अपने पति और उसके परिवार के साथ दक्षिण मुंबई के पायधोनी में रहने लगी। अधिकारी ने महिला की शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि दंपति के दो बच्चे हैं।

शादी के तुरंत बाद, महिला के ससुराल वालों ने कथित तौर पर उसे नौकरी करने और कमाने के लिए मजबूर किया, जिसके बाद उसने एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम करना शुरू कर दिया। हालांकि, अधिकारी ने कहा कि वे कथित तौर पर उससे उसके माता-पिता से पैसे लाने के लिए कहते रहे। 24 सितंबर को, ससुराल वालों ने महिला से उसके पति के छोटे भाई की शादी के लिए 50,000 रुपये लाने के लिए कहा। शिकायत का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि जब उन्होंने उनकी मांग पूरी नहीं की, तो उन्होंने फिर से उसकी पिटाई की, जबकि उसके पति ने उसे ‘तीन तलाक’ दे दिया।
विज्ञापन

रायगढ़ जिले में बस के खाई में गिरने से 19 महिलाएं घायल
पुलिस ने बताया कि बुधवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में 'लड़की बहिन' कार्यक्रम के लिए महिलाओं को ले जा रही एक सरकारी बस के 50 फुट गहरी खाई में गिर जाने से 19 महिला यात्रियों समेत कम से कम 20 लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के भिवंडी डिपो की बस, जिसमें 29 महिलाएं सवार थीं, दोपहर में मानगांव तहसील में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

महिलाओं को मुख्यमंत्री लड़की बहिन योजना के सिलसिले में मानगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में ले जाया जा रहा था, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। जैसे ही बस कुमशेत गांव पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस करीब 50 फीट नीचे लुढ़क गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें