उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक कार्यकर्ता ने औरंगाबाद जिले में एक स्थानीय विधायक को फोन किया और उनसे शादी के लिए एक महिला को ढूंढने का अनुरोध किया। विधायक ने कहा यह ग्रामीण इलाकों में एक वास्तविक समस्या है। कन्नड़ विधायक उदय सिंह राजपूत और पार्टी कार्यकर्ता के बीच बातचीत का ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
खुल्ताबाद इलाके के पार्टी कार्यकर्ता ने सोमवार को शिवसेना के ठाकरे खेमे के विधायक को फोन किया और उनसे जीवन साथी खोजने का अनुरोध किया। कार्यकर्ता ने फोन पर कहा, मेरे पास 8-9 एकड़ जमीन है। लेकिन कोई भी मुझे (शादी के लिए) लड़की देने को तैयार नहीं है। कन्नड़ इलाके में लड़कियां हैं। ऑडियो क्लिप में विधायक राजपूत को पार्टी कार्यकर्ता से अपना बायोडाटा भेजने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है।
विधायक ने मंगलवार को कहा, कार्यकर्ता की चिंता गांवों में जमीनी हकीकत का प्रतिबिंब है। स्थिति इतनी अच्छी नहीं है। अगर दो हजार निवासियों का कोई गांव है, तो आपको वहां करीब सौ डेढ़ सौ अविवाहित युवक मिल जाएंगे। अगर उनके पास सौ एकड़ भी जमीन है, तो शादी के लिए लड़की ढूंढना मुश्किल है।
उन्होंने कहा, ट्रेंड से पता चलता है कि कुछ परिवार अपनी बेटियों की शादी शहरी क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों में करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, मेरे पास इस तरह के कई फोन आते हैं। राष्ट्रीय परिवारक स्वास्थ्य सर्वेक्षण (2019-21) के अनुसार, महाराष्ट्र का लिंगानुपात प्रति 1,000 पुरुषों पर 920 महिलाओं का है।