पुलिस मुंबई में पांच वर्षीय बलात्कार पीड़िता की शिक्षा का खर्च उठाएगी
इस महीने की शुरुआत में मध्य मुंबई के एक स्कूल परिसर में एक लड़के द्वारा यौन उत्पीड़न का शिकार हुई पांच वर्षीय बच्ची की शिक्षा का खर्च मुंबई पुलिस उठाएगी। जानकारी के मुताबिक, मध्य मुंबई के मदनपुरा इलाके में एक सरकारी स्कूल के परिसर में एक 15 वर्षीय लड़के ने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया था। आरोपी को घटना के कुछ घंटो के भीतर ही पकड़ लिया गया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया वहीं पीड़िता को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसके ठीक होने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई थी।चूंकि बच्ची एक गरीब परिवार से आती है, इसलिए नागपाड़ा पुलिस थाने के अधिकारियों ने उसकी 10वीं कक्षा तक की पढ़ाई में मदद करने का फैसला किया है।
अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों ने अब तक 1.11 लाख रुपये एकत्र किए हैं और एक बैंक में आवर्ती जमा खाता खोला है। उन्होंने कहा कि इस राशि से बच्ची को 10वीं कक्षा तक पढ़ाई करने में मदद मिलेगी।
घरों में सेंधमारी का आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 24 वर्षीय एक युवक की गिरफ्तारी के बाद सेंधमारी के 14 मामलों को सुलझाया है। पालघर पुलिल ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ निरीक्षक प्रमोद बदाख ने कहा कि विरार में हाल के दिनों में हुई चोरी की जांच के तहत पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचनाओं के आधार पर एक आरोपी अकरम फारूक अंसारी को पकड़ा।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गुरुवार को विरार के रायपाड़ा निवासी अंसारी को हिरासत में लिया और उसके पास से करीब तीन लाख रुपये के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए। साथ ही उससे पूछताछ के बाद 14 मामले सुलझाए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि अंसारी से पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि उस पर 10 अन्य मामले दर्ज हैं।
जालना में नाबालिग लड़की को छेड़ने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
महाराष्ट्र के जालना जिले में एक लड़की को कथित तौर पर छेड़ने के आरोप में 45 वर्षीय एक व्यक्ति को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना अंबाद रोड के यशवंत नगर इलाके में हुई। उन्होंने कहा कि लड़की इलाके में खेल रही थी, जब आरोपी ने उसे बुलाया और उसके साथ छेड़खानी की।
इसके बाद बच्ची ने घर जाकर अपने पिता को घटना के बारे में बताया। जिसके बाद पीड़िता के परिजनों की तहरी पर एक शिकायत दर्ज की गई। शिकायत के आधार पर आरोपी को यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।