महाराष्ट्र में कई जिलों के किसानों ने एक पॉल्ट्री फॉर्म के खिलाफ उन्हें ‘कड़कनाथ’ प्रजाति के मुर्गे पैदा करने में सहयोग करने के बहाने कथित तौर पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने को लेकर मामले दर्ज कराए हैं। इसके बाद कंपनी के चार अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
किसानों का आरोप है कि महारायत एग्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने कड़कनाथ प्रजाति के चूजों की संख्या बढ़ाने और बाद में मुर्गों को खरीदने की कारोबारी योजना के नाम पर भारी-भरकम निवेश कराया। कंपनी का मुख्यालय सांगली में है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में दोषियों का संबंध एक राजनेता से है।
पुणे के दत्तावाड़ी थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक शंकर सालगर ने पीटीआई को बताया कि अभी तक कंपनी के खिलाफ सांगली, सतारा, पुणे, कोल्हापुर, पालघर, नासिक और औरंगाबाद में कई मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अभी इस मामले में घोटाले की रकम का पता लगा रही है।
वहीं स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के नेता राजू शेट्टी ने दावा किया कि किसानों को करीब 550 करोड़ रुपये का चूना लगाया गया है। उन्होंने इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच कराने की मांग की।