महाराष्ट्र के ठाणे स्थित मीरा रोड के एक रेस्टोरेंट में हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा हो गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में पुणे के 35 वर्षीय एक वेटर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी कल्लू यादव को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी ने खाने को लेकर हुए विवाद की वजह से 30 मई को कथित रूप से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक हरीश शेट्टी (42) और नरेश पंडित (53) का शव शुक्रवार को मीरा रोड स्थित साबरी रेस्टोरेंट सह बार की पानी की टंकी से बरामद हुआ था। उन्होंने बताया कि शेट्टी रेस्टोरेंट में प्रबंधक का काम करता था जबकि पंडित सफाईकर्मी था। अधिकारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर जख्म के कई निशान थे। जांच के दौरान पता चला कि अपराध के बाद यादव पुणे के रेस्टोरेंट में काम करने लगा था।
आरोपी ने बताया कि प्रबंधक स्वयं स्वादिष्ट खाना खाता था जबकि उसे खराब खाना देता था। इससे वह परेशान हो गया था और इसलिए शेट्टी और पंडित को रास्ते से हटाने का फैसला किया। ठाणे ग्रामीण पुलिस की अपराध शाखा के निरीक्षक वेंकट अंधले ने बताया कि इसके बाद उसने सोते हुए दोनों पर कुदाल से हमला किया और उनके शवों को रेस्तरा की ही टंकी में डाल दिया।