महाराष्ट्र के भिवंडी में ढही इमारत।
- फोटो : ANI
मुंबई से सटे ठाणे जिले के भिवंडी में शनिवार को एक इमारत अचानक ढह गई। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक 12 लोगों को बचाया गया है। फिलहाल, घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अब भी मलबे में 10 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है। 12 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एनडीआरएफ, टीडीआरएफ और अन्य एजेंसियां मौके से लोगों को निकालने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। सीएम शिंदे ने कहा कि पुनर्विकास को लेकर जल्द फैसला लिया जाएगा। मैंने कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उन जर्जर भवनों का सर्वेक्षण करें, जो मानसून के मौसम में कभी भी गिर सकते हैं।
इससे पहले दिन में, ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने बचाव कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि इमारत के मलबे से दो शव निकाले गए हैं। मृतकों में 40 वर्षीय एक व्यक्ति और 26 वर्षीय एक महिला शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की एक टीम, दमकल की दस गाड़ियां और विभिन्न एजेंसियों के कर्मी मनकोली क्षेत्र के वालपाड़ा में घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य कर रहे हैं।
इससे पहले, सावंत ने बताया था कि हादसे का शिकार हुई दो मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों में चार परिवार रहते थे। साथ ही कई मजदूर इमारत के भूतल पर काम करते थे। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम दस साल पुराना था।