प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश के सागर रैली में कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "चाहे रिमोट से सरकार चलानी हो या फिर वीडियो गेम खेलना हो, ऐक्टर से ज्यादा ये लोग सोच नहीं पाते। तभी तो प्राइम मिनिस्टर इन मेकिंग के समझदार होने के इंतजार में कांग्रेस ने दस साल तक इस देश में एक एक्टिंग प्राइम मिनिस्टर थोप दिया।"
उन्होंने कहा कि देश में कहीं पर हमने न दो पीएम देखे हैं और राज्य में न दो सीएम देखे हैं। पहली बार मध्य प्रदेश में ढाई सीएम की सरकार है। धन मोह और पुत्र मोह में फंसे मध्य प्रदेश के नेताओं को सागर झील के लाखा बंजारा जी के त्याग से जरूर सीखना चाहिए। कांग्रेस का मतलब ही झूठ-प्रपंच और धोखा है। यहां मध्य प्रदेश में तो इन्होंने हद ही कर दी। कर्जमाफी के नाम पर किसानों से वोट ले लिया और फिर मुकर गए।
पीएम मोदी ने कहा कि अब कांग्रेस के नामदार से जनता पूछ रही है, आपको और आपके पार्टनर को तो सिर्फ दलाली का यानि लाइजनिंग का ही अनुभव था। ये पनडुब्बी बनाने वाली लाइन में कैसे आ गए? पर्दे के पीछे चलने वाली इस कंपनी को 2009 में बंद कर दिया गया था। लेकिन अब पता चला कि उस कंपनी में जो नामदार के पार्टनर थे उनको 2011 में पनडुब्बी बनाने का ठेका मिल गया।
उत्तर प्रदेश के भदोही में मिशन पूर्वांचल की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस और सपा-बसपा गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे देश में आजादी के बाद चार तरह के राजनीतिक कल्चर(संस्कृति) चले। पहला- नामपंथी, दूसरा- वामपंथी, तीसरा- दाम-दमनपंथी। उन्होंने इससे देश को खतरा बताया। कहा कि और चौथा है जो हम लाये हैं- विकासपंथी।
भदोही सीट के भाजपा प्रत्याशी रमेश चंद्र बिंद के समर्थन में उन्होंने वोट करने की अपील की। उनके साथ मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, फूलपुर की भाजपा प्रत्याशी केशरी देवी पटेल भी मौजूद थीं।
पढ़ें पीएम मोदी के मिशन पूर्वांचल की बड़ी बातें:
प्रधानमंत्री ने कहा कि
- हमारे देश में हमला कश्मीर में हो मगर दुख भदोही को होता है, हमला कश्मीर में हो लेकिन दिल कन्याकुमारी का रोता है। लेकिन जब उसके जवाब में सर्जिकल स्ट्राइक होता है तो आपको गर्व होता है। जब आप सही नीयत और नीति से लोगों के हितों में काम करते हैं तो नामुमकिन भी मुमकिन है।
- मैं महामिलावट का क्या करूं जो भारत की इस कामयाबी को मानने को ही तैयार नहीं हैं। महामिलावटी कह रहे हैं कि देश में चुनाव था इसलिए मोदी ने मसूद अजहर पर बैन लगवा दिया। हर चीज को चुनाव के चश्में से देखने की वजह से ही आज कांग्रेस और उसके साथियों की ये हालत हो गई है।
- हमारे देश में आजादी के बाद 4 तरह के राजनीतिक कल्चर चलें। पहला- नामपंथी, दूसरा- वामपंथी, तीसरा- दाम और दमनपंथी। और चौथा है जो हम लाये हैं।
नामपंथी- जो सिर्फ अपने वंशवादी नेता का नाम जपे।
वामपंथी- जो विदेशी विचारधारा को भारत पर थोपने की कोशिश करे।
दाम-दमन पंथी- जो धन और बाहुबल की ताकत पर सत्ता पर कब्जा करे।
हमारा कल्चर है विकास पंथी- जिसके लिए सिर्फ और सिर्फ देश के लोगों का विकास ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है, जिसके लिए दल से भी बड़ा देश है।
- सऊदी अरब के जेल में हमारे देश के 850 लोग बंद थें। सऊदी के राजकुमार जब भारत आए तो यहां के लोगों से प्रभावित हो कर भारत के कैदियों को रमजान के महीने के पहले ही छोड़ दिया।
- मैं भदोही और पूरे देश की मुस्लिम बहनों को कहना चाहता हूं कि कई सारे देशों में तीन तलाक पर कानून नहीं बने हैं। हम अपनी मुस्लिम बहनों को वो सारे अधिकार देना चाहते हैं, जो अधिकार उन्हें मुस्लिम देशों में हैं।
- मैं लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहकर आया हूं और गुजरात जैसे समृद्ध राज्य का मुख्यमंत्री रहकर आया हूं। पिछले पांच साल से आपने प्रधान सेवक के रूप में काम दिया है। इस व्यक्ति के ऊपर एक दाग लगा है क्या? कहीं कोई संपत्ति का पता चला है क्या? देश को इसके सिवा और क्या चाहिए?
- सपा-बसपा और कांग्रेस ने हमेशा लोगों को आपस में जात-पात और पंथ के नाम पर भिड़ाकर सिर्फ अपना और अपने परिवार का विकास किया है। इन पार्टियों के बड़े नेताओं की कुछ दशक पहले तक क्या हालत थी और आज वो कैसी आलिशान जिंदगी जी रहे हैं ये भी देखते रहिए।
- जब बुआ-बबुआ एक दूसरे के कट्टर दुश्मन थे तब उसी दौर में इस जिले का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया था, लेकिन बुआ के बबुआ ने अपने अहंकार में इस जिले के नाम से संत रविदास का नाम हटवा दिया। अब बुआ अपने उसी बबुआ के लिए वोट मांग रही हैं।
- हमारी हमेशा से सोच रही है कि देशा में कारोबारियों को आसानी से पैसा मिले। सस्ती दर पर कर्ज मिले, मार्केट मिले, अच्छी तकनीक मिले और ये सरकारी दखल बंद हो इसी सोच के साथ देश में कानूनों का जाल खत्म किया है।