भाजपा ने आगामी 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए चुनाव प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। बैजयंत पांडा उत्तर प्रदेश के नए प्रभारी होंगे। विनोद तावड़े को बिहार का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को विनोद तावड़े के साथ बिहार का सह-प्रभारी बनाया गया है। राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम को पार्टी ने उत्तराखंड का प्रभारी नियुक्त किया है।
अमित मालवीय को बंगाल का सह-प्रभारी बनाया गया
त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब को हरियाणा का प्रभारी और उनके साथ सुरेंद्र नागर को सह-प्रभारी बनाया गया है। बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडे को पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। अमित मालवीय और आशा लाकड़ा को बंगाल का सह-प्रभारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के एमएलसी महेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश में चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने इस साल अप्रैल-मई में होने वाले आम चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसके तहत पार्टी ने अपना थीम सॉन्ग और भी जारी कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा आगामी आम चुनाव में महिलाओं और युवाओं पर फोकस कर रही है। ऐसे में पार्टी 70 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं के टिकट काट सकती है। हालांकि इस मामले में नेताओं के कद का ध्यान रखा जाएगा। आम चुनाव में भाजपा पिछले चुनाव में हारी सीटों पर खासा फोकस कर रही है।
चार बार सांसद रह चुके हैं बैजयंत
बैजयंत पांडा असम और दिल्ली के प्रभारी के तौर पर काम कर चुके हैं। वह ओडिशा से चार बार सांसद भी रह चुके हैं। बीजू जनता दल (बीजद) के तेजतर्रार नेता रहे पांडा ने मई, 2018 में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मार्च, 2019 में भाजपा का दामन थाम लिया था।
विजय रूपाणी को पंजाब का प्रभार
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी पंजाब के चुनाव प्रभारी होंगे। उनके साथ नरेंद्र सिंह सहप्रभारी की भूमिका में होंगे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी, जबकि सतीश उपाध्याय सहप्रभारी होंगे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा हिमाचल के चुनाव प्रभारी और संजय टंडन सहप्रभारी बनाए गए हैं।