भाजपा के पंजाब अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कहा है कि पार्टी राज्य में तीन सीटों पर जबकि शिरोमणि अकाली दल बाकी की दस सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पंजाब में कुल 13 लोकसभा सीटें हैं। मीटिंग में भाजपा के पंजाब प्रभारी प्रभात झा, केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, जिला अध्यक्ष जितेंद्र मित्तल भी मौजूद रहे।
सीटों की अदला-बदली के सवाल पर मलिक ने कहा कि यह मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, इसका निर्णय पार्टी अध्यक्ष अमित शाह लेंगे। राज्यसभा सांसद मलिक ने कहा, शाह 24 फरवरी को अमृतसर में पार्टी के नेताओं से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि अमित शाह शक्ति केन्द्रों के प्रमुखों को लोकसभा चुनावों के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। हरेक शक्ति केंद्र प्रमुख को पांच मतदान केंद्रों की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।
खबरों के मुताबिक अमृतसर सीट से भाजपा चुनाव लड़ेगी। शिरोमणि अकाली दल (टकसाली) और आम आदमी पार्टी ने भी अमृतसर से उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है, जिससे एसएडी (बादल) के वोट शेयर पर सेंध लग सकती है, जिससे कांग्रेस को फायदा होगा। इस स्थिति में भाजपा का अमृतसर से चुनाव लड़ना सही कदम नजर आता है।