लोकसभा चुनाव 2019 की गहमागहमी के बीच फर्जी खबरों का बाजार भी गर्म है। आए दिन ऐसी खबरों से आप रूबरू हो रहे होंगे जिनका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। इसी कड़ी में इन दिनों एक खबर फैलाई जा रही है कि अमर उजाला की तरफ से चुनाव नतीजों को लेकर कोई सर्वे किया गया है। लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है। अमर उजाला ने इस तरह का कोई सर्वे नहीं किया है।
चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर किसी भी तरह के सर्वे पर 19 मई की शाम मतदान समाप्ति तक रोक लगी है। इसीलिए जो लोग इस तरह की किसी भी गतिविधि में संलग्न हैं, उन्हें ये जानकारी होनी चाहिए कि ये गैरकानूनी है।
अमर उजाला ऐसी खबरों को लेकर बेहद सतर्क रहा है और आगे भी हम पत्रकारिता के उच्च मापदंड कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। फिर से स्पष्ट कर दें कि अमर उजाला ने लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर कोई भी सर्वे नहीं कराया है और न ही इस तरह की कोई सूचना या खबर किसी भी माध्यम से प्रकाशित की गई है।