वलसाड पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने भाजपा नेता की शराब पार्टी पर छापेमारी की। इस दौरान एक नाबालिग समेत 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भाजपा नेता और वलसाड तालुका सरपंच संघ के अध्यक्ष विनोद पटेल और नानकवाड़ा गांव के उप सरपंच गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल हैं और उन्हें मंगलवार दोपहर वलसाड जिला अदालत में पेश किया गया।
गुजरात में वलसाड पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने रविवार देर रात एक भाजपा नेता की शराब पार्टी पर छापेमारी कर एक नाबालिग समेत 41 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक भाजपा नेता और एक उप सरपंच शामिल हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 15,000 रुपये मूल्य की 25 लीटर आईएमएफएल बोतलें, पांच कारें और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, इनकी कीमत 35 लाख रुपये है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक डीएम ढोल कर रहे हैं।
वलसाड कस्बे के थाना प्रभारी डीएम ढोल ने कहा, 'हमने पुलिस रिमांड हासिल करने के लिए सभी गिरफ्तार लोगों को अदालत में पेश किया है।विनोद पटेल ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि वह दमन की शराब की दुकानों से शराब लाया था। हम इस मामले में मुख्य आरोपी और अन्य व्यक्तियों की पुलिस रिमांड प्राप्त करने के लिए अदालत के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।"
गिरफ्तार किए गए सभी लोग रविवार देर रात विनोद पटेल द्वारा आयोजित एक पार्टी में शामिल हुए थे, जिसमें नानकवाड़ा गांव के सरपंच भी थे। पुलिस ने कहा कि अतिथियों को शराब भी परोसी गई।