दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में पांच जनवरी को हुई हिंसा पर सियासत कम होते नहीं दिख रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वामपंथी संगठनों को हिंसा का माहौल बनाने के लिए जिम्मेदार ठहराया। आदित्यनाथ शनिवार को यहां जीवाईएमसी मैदान में नागिरकता संशोधन कानून के समर्थन में जनजागरण मंच द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने जेएनयू में हिंसा की वर्तमान स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि वामपंथी संगठनों ने झूठ का सहारा लेकर हिंसा का माहौल बनाया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने साजिश का खुलासा कर दिया और बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने के लिए कैंपस में हिंसा की साजिश रची गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि जन जागरण अभियान चलाकर देश के लोगों को वास्तविकता के बारे में बताया जाए ताकि सीएए और जेएनयू की घटनाओं पर विपक्ष द्वारा पैदा किए जा रहे भ्रम को दूर किया जा सके।