लखीमपुर खीरी में हिंसा की आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान के एक ट्वीट ने इस आग को फिर से हवा दे दी है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र 'टेनी' के बेटे आशीष मिश्र के बारे में लिखा है कि- 'नेपाल भाग गया। जहां इनके पिता अजय मिश्र डीजल व चंदन की तस्करी करते थे।'
ट्वीट हुआ रीट्वीट, हैक का दावा
नरेश बाल्यान के आपत्तिजनक ट्वीट को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र के अकाउंट से रीट्वीट किया गया था। हालांकि, अजय मिश्र का कहना है उनका आकउंट किसी ने हैक कर लिया था। फिलहाल उस ट्वीट को अजय मिश्र के ट्विटर हैंडल से हटा दिया गया है।
मंत्री के बेटे आशीष की नेपाल भागने की आशंका
बताया जा रहा है कि गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र का बेटा आशीष मिश्र मोनू नेपाल भाग गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि आशीष मिश्र मोनू की आखिरी लोकेशन नेपाल में मिली है। हालांकि उनका गांव भी नेपाल बॉर्डर पर है। बनवीरपुर से नेपाल बॉर्डर 8-10 किलोमीटर की दूरी पर ही है।
अभी तक क्राइम ब्रांच ऑफिस नहीं पहुंचा आशीष मिश्र
मुख्य अभियुक्त आशीष मिश्र उर्फ मोनू अभी तक क्राइम ब्रांच के ऑफिस नहीं पहुंचा है। नौ सदस्यीय पर्यवेक्षण समिति क्राइम ब्रांच के ऑफिस में ही मौजूद है। गुरुवार को लखीमपुर बवाल में दर्ज एफआईआर की विवेचना की निगरानी के लिए डीजीपी मुकुल गोयल ने नौ सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया था। इस समिति में डीजीपी मुख्यालय में तैनात डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल को समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। जबकि 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में तैनात सेनानायक सुनील कुमार सिंह को वरिष्ठ सदस्य बनाया गया था।