कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर की हत्या को लेकर राजनीति गरमा गई है। पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, एक व्यक्ति के गिरफ्तार होने के बाद भी डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी है। उन्होंने आगे कहा, ‘प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर जांच से निराश हैं। जिस तरह से इस मुद्दे को दबाने की कोशिश हो रही है, उससे साफ पता चलता है कि ममता बनर्जी सरकार किसी को बचाना चाहती है।’
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म और हत्या के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में सीबीआई और एफएसएल की टीम पहुंची है। अस्पताल में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथों में ले ली है। मामले की जांच के लिए दिल्ली से फॉरेंसिक टीम को भेजा गया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई दुष्कर्म और हत्या की घटना को वीभत्स करार दिया। उन्होंने कहा, 'इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है। महिला डॉक्टर के साथ हुए क्रूर और अमानवीय कृत्य की परत दर परत जिस तरह खुल कर सामने आ रही है, उससे डॉक्टर्स कम्युनिटी और महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है।'
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंची सीबीआई टीम ने कहा, ‘हमने अपनी जांच शुरू कर दी है। दिल्ली से एफएसएल और मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंच गई है।’