भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में महबूबा सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ हुई कोर ग्रुप की बैठक के बाद ये निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि 2014 के अंत में यहां चुनाव हुए थे, जिसमें पीडीपी के 28 विधायक और भाजपा के 25 विधायकों ने जीत हासिल की थी। दोनों दलों ने गठबंधन कर सरकार बनाई थी। पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती मुख्यमंत्री बनी थीं। अब जब भाजपा ने पीडीपी से समर्थन वापस ले लिया है तो जानते हैं कि राज्य विधानसभा में दलों की क्या स्थिति है...
बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कुल सीटों की संख्या- 89 है। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 44 सीटों का बहुमत चाहिए। मौजूदा समय में पीडीपी के पास 28 और भाजपा के खाते में 25 सीटें हैं। वहीं विपक्ष की बात करें तो नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास 15 सीटें, कांग्रेस- 12 और अन्य के खाते में 9 सीटें हैं।
इससे पहले, भाजपा की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में पार्टी महासचिव राम माधव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के ताजा हालात पर चर्चा हुई उसके बाद पार्टी ने यह फैसला लिया। राम माधव ने कहा कि ताजा हालात के बाद गठबंधन में काम करना पार्टी के लिए मुश्किल हो गया था। बता दें कि बैठक से पहले अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के साथ मुलाकात की थी।