वहीं एक खुशखबरी रेलवे भी अपने यात्रियों को देर रहा है। दरअसल यात्रियों को भष्ट्राचार से निजात दिलाने के लिए रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। रेल टिकटों की कालाबाजारी हो या फिर रेलवे के निर्माण कार्य, टेंडर या अन्य कार्यो में भ्रष्टाचार, इसकी जानकारी होने के बावजूद कई लोग अपनी शिकायत संबंधित अधिकारियों से नहीं कर पाते हैं। लेकिन अब रेल यात्री, कर्मचारी या कोई अन्य व्यक्ति भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत आसानी से उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकता है।
इसके लिए उसे रेलवे के कार्यालय में नहीं जाना पड़ेगा। बस एक फोन मिलाना है और उसकी शिकायत दर्ज कर ली जाएगी। इसके लिए उत्तर रेलवे ने नंबर भी जारी किया है। ऑनलाइन भी शिकायत की जा सकती है।इसलिए उत्तर रेलवे लोगों को सतर्कता संबंधी शिकायत 155210, 09717638892 और 09868175631 नंबर पर दर्ज कराने की सलाह दी है। रेलवे स्टेशनों पर भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों को दर्ज करने के लिए विशेष काउंटर भी खोले जा रहे हैं।
लगातार बदलते पर्यावरण के कारण फसलों को होने वाले नुकसान से परेशान किसानों के लिए राहत की बात है। कृषि मंत्रालय ने मौसम की मार से फसलों को बचाने और किसानों को राहत देने के लिए योजना बनाई है। योजना के तहत देश के सर्वाधिक प्रभावित 151 जिलों में अध्ययन कर फसलों को सूखा, अति वृष्टि, ओला वृष्टि, चक्रवात, भीषण गर्मी और शीतलहर से बचाने के उपाय निकाले गए हैं। साथ ही इसमें ये भी सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है कि बदलते पर्यावरण के कारण फसलों पर मौसम की मार न पड़े। मंत्रालय अब इन उपायों को पूरे देश में लागू करने की तैयारी में है। कृषि मंत्रालय के एजेंडे के मुताबिक, देशभर में स्थित 121 कृषि विज्ञान केंद्रों पर किसानों को फसलों के बचाने के उपायों की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही उन्हें प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।
परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम भारत की स्वदेश निर्मित बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-1 का परीक्षण फिर से सफल रहा है। करीब 1000 किलोग्राम हथियार लेकर 700 किलोमीटर तक हमला करने में सक्षम अग्नि मिसाइल का तीसरा उड़ान परीक्षण स्थानीय रेंज पर मंगलवार रात में करीब 8 बजे किया गया। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ये सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण सेना की तरफ से यूजर ट्रायल के तहत किए जा रहे हैं।