केंद्र सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर विकास पर्व महारैली से एक दिन पहले सहारनपुर पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की वकालत की।
रैली स्थल पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर भारतीय जनता पार्टी का मुद्दा है। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द अयोध्या में भव्य राम मंदिर बने। मगर, हम चुनाव में इस मुद्दे पर जनता से वोट नहीं मांगेंगे। प्रदेश सरकार पर गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जोरदार हमला किया। बोले, केंद्र की मोदी सरकार ने जितना विकास दो वर्षों में किया है, उतना काम कांग्रेस 65 वर्षो में नहीं कर पाई।
दिल्ली रोड स्थित कॉसमॉस ग्रीन सिटी के मैदान में रैली से एक दिन पहले बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है और यह किसी को नहीं मालूम कि कब साइकिल का झंडा लगाकर कोई अपराधी किसी की दुकान या मकान कब्जा कर ले। प्रदेश में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार चरम पर है।
राम मंदिर पार्टी का मुद्दा, पर वोट का मुद्दा नहीं बनाएंगे : मौर्य
- फोटो : amar ujala
पिछले दिनों सहारनपुर में हुए हिमांशु हत्याकांड का जिक्र करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब तक मुख्य आरोपी पुलिस पकड़ से दूर है। प्रदेश के गन्ना किसानों का बुरा हाल है। प्रदेश सरकार अब तक किसानों का बकाया गन्ना मूल्य नहीं दिया है।
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर केवल जुमलेबाजी और विज्ञापन का खेल चल रहा है। प्रदेश सरकार पूरी तरह विकास में बैरियर बनी है। बोले, प्रदेश सरकार की लापरवाही से प्रधानमंत्री आवास योजना का 300 करोड़ रुपए बिना काम किए ही लैप्स हो गया। जनता अब पूरी तरह से सपा और बसपा से आजिज आ चुकी है। हम 2017 में 256 से ज्यादा सीट जीतकर वर्ष 2014 का इतिहास दोहराएंगे।
उन्होंने बताया कि रैली केंद्र सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए आयोजित की गई है। इसमें वेस्ट यूपी के आठ जिलों के पदाधिकारी आएंगे। इस दौरान सांसद राघव लखनपाल शर्मा, विधायक राजीव गुंबर, स्वतंत्र देव सिंह, अश्वनी त्यागी, अमित गगनेजा, अनुपमा जायसवाल, डा. चंद्रमोहन, आदित्य राणा, पूर्व सांसद जगदीश राणा, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, नीरज गुप्ता, वीरेंद्र चौधरी, रणदीप पुंडीर, अजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।