कीर्ति चक्र स्वीकार करतीं कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी
- फोटो : @murmuu_draupadi
सोशल मीडिया पर एक महिला को बलिदानी कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी समझ कर निशाना साधा जा रहा है। इन सबसे आजिज आकर रेशमा सबेस्टियन नाम की महिला ने खुद पर नफरत भरी टिप्पणियां करने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी है। रेशमा सेबेस्टियन केरल की जानीं मानीं फैशन इनफ्लुएंसर हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर कहा है कि वे कैप्टेन अंशुमान सिंह की पत्नी नहीं हैं। आपको बता दें कि कैप्टेन अंशुमान सिंह को इस महीने की शुरुआत में मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था। उनकी पत्नी स्मृति सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान ग्रहण किया था।
रेशमा सेबेस्टिन को लोगों ने स्मृति सिंह समझ लिया
रेशमा सेबेस्टियन को लोगों ने स्मृति सिंह समझ लिया और इसके बाद उनके फैशन को लेकर तरह तरह की टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। सेबेस्टियन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, ‘ये स्मृति सिंह का अकाउंट नहीं है। कृपया भ्रामक जानकारियों और नफरत भरी टिप्पणियां करने से पहले मेरे प्रोफाइल और बायो को पढ़ें।’ इसके साथ ही रेशमा ने एक व्यक्ति की फेसबुक पोस्ट पर लगाई गई अपनी तस्वीर को भी साझा किया है। फेसबुक यूजर ने स्मृति सिंह के नाम पर रेशमा को ट्रोल कर दिया था।
हम कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं- रेशमा
रेशमा ने लिखा, ‘यह बेतुका सा लगता है। स्मृति सिंह के बारे में गलत जानकारी फैलाने की खातिर मेरी पहचान का उपयोग किया जा रहा है। इस मामले में हम कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।’ रेशमा सेबेस्टियन ने अपने फॉलोवर्स से अनुरोध किया, ‘अगर कहीं भी इस तरह की पोस्ट दिखें तो मेरे साथ साझा करें।’ रेशमा सेबेस्टियन अपनी बेटी और अपने पति के साथ जर्मनी में रहती हैं और फिलहाल केरल के दौरे पर हैं।
कैप्टन अंशुमान सिंह को मरणोपरांत कीर्ति चक्र मिला था
कैप्टन अंशुमान सिंह को मरणोपरांत पांच जुलाई को भारत के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। पिछले वर्ष जुलाई में भीषण आग से लोगों को बचाने के दौरान अंशुमान सिंह की मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी स्मृति सिंह और मां मंजू सिंह ने राष्ट्रपति से कीर्ति चक्र प्राप्त किया था। इसके बाद अंशुमान सिंह के परिजनों ने स्मृति सिंह पर आरोप लगाया था, ‘हमारी बहू, हमारे बेटे का मेडल लेकर और हमें अकेले छोड़कर हमसे दूर चलीं गईं।’